
Parenting Tips: बच्चों के पास आज खेलने और समय बिताने के इतने साधन हैं, फिर भी उनका “मुझे बोर हो रहा है” कहना आम बात है. मेरे साथ भी कई बार ऐसा होता है कि बच्चा थोड़ी देर खाली बैठते ही कोई नया खिलौना, टीवी या मोबाइल मांगने लगता है. पहले मैं उसकी बोरियत दूर करने के लिए तुरंत कुछ न कुछ दे देती थी, लेकिन बाद में लगा कि हर बार उसे व्यस्त रखने की जरूरत नहीं है. कभी-कभी खाली बैठना भी बच्चों के लिए जरूरी होता है.
पहले बच्चे से पूछें कि वह क्या करना चाहता है
जब बच्चा बोर होने की बात कहे, तो उसे तुरंत मोबाइल देने की बजाय उससे पूछें कि वह क्या करना चाहता है. अगर वह खुद कुछ नहीं सोच पा रहा है, तो उसे दो-तीन विकल्प दिए जा सकते हैं. जैसे ड्रॉइंग करना, पजल खेलना या कहानी की किताब पढ़ना. इससे बच्चा अपनी पसंद से गतिविधि चुनना सीखता है.
हर समय बच्चे को व्यस्त रखना जरूरी नहीं
कई माता-पिता बच्चे के खाली समय को भी किसी न किसी गतिविधि से भरने की कोशिश करते हैं. लेकिन हर समय व्यस्त रहना जरूरी नहीं है. कुछ देर बच्चे को खुद खेलने और सोचने दें. वह खिलौनों से खेल सकता है, कहानी बना सकता है या अपनी कल्पना से कोई नया खेल तैयार कर सकता है.
शुरुआत में बच्चा फिर से कह सकता है कि वह बोर हो रहा है. ऐसे में तुरंत कोई नया मनोरंजन देने की बजाय उसे थोड़ा समय दें.
घर में रखें ‘बोरियत बॉक्स’
बच्चों के लिए घर में एक छोटा सा ‘बोरियत बॉक्स’ बनाया जा सकता है. इसमें रंग, स्केचबुक, पजल, कहानी की किताब, पेपर क्राफ्ट का सामान और छोटे बोर्ड गेम रख सकते हैं. जब बच्चा बोर हो, तो उसे बॉक्स में से अपनी पसंद की कोई चीज चुनने के लिए कहें.
रोज थोड़ा समय बाहर खेलने दें
मौसम और जगह की सुविधा हो तो बच्चे को रोज कुछ समय बाहर खेलने का मौका दें. पार्क में खेलना, साइकिल चलाना, गेंद खेलना या थोड़ी देर टहलना भी अच्छा विकल्प हो सकता है. घर पर कैरम, लूडो या पजल जैसे खेल भी बच्चे के साथ खेले जा सकते हैं.
बोरियत को हमेशा खत्म करने की जरूरत नहीं
बच्चे का बोर होना कोई समस्या नहीं है. कई बार खाली समय में ही बच्चा खुद कुछ नया सोचता है और अपनी कल्पना का इस्तेमाल करता है. इसलिए अगली बार बच्चा कहे, “मुझे बोर हो रहा है”, तो तुरंत फोन देने के बजाय उससे कहें कि वह खुद सोचे कि क्या करना चाहता है. जरूरत पड़ने पर कुछ विकल्प जरूर दें.
यह भी पढ़ें: मुसीबत में बच्चों को बचाएंगे ये 5 ‘सेफ्टी वाले झूठ’, पैरेंट्स जरूर सिखाएं
The post बच्चा ‘बोर हो रहा हूं’ कहे तो तुरंत फोन न दें, पहले करें ये काम appeared first on Prabhat Khabar.

