
Belly Fat After 30: जैसे ही 30 की उम्र पार होती है, बहुत से लोग यह शिकायत करने लगते हैं कि वे पहले जितना ही खाना खाते हैं, लेकिन फिर भी उनका पेट अचानक से बाहर निकलने लगा है. ऐसा होने की वजह से कई लोग जिम जाने लगते हैं और साथ ही डाइटिंग करना भी शुरू कर देते हैं, लेकिन फिर भी उनके पेट में जमी चर्बी कम होने का नाम ही नहीं लेती है. अगर आपकी उम्र भी 30 को पार कर चुकी है और आप इस परेशानी से जूझ रहे हैं, तो आपको यह समझ लेना होगा कि इसके पीछे कारण सिर्फ आपके खाने-पीने की आदत नहीं है.
दरअसल जैसे ही 30 की उम्र को पार करते हैं, हमारे शरीर के अंदर कई बड़े फिजिकल और हार्मोनल बदलाव आने लग जाते हैं. ये सभी इंटरनल बदलाव बिना ज्यादा खाए-पीए भी शरीर के वजन और पेट के मोटापे को बढ़ाने में एक बड़ी भूमिका निभाते हैं. आज इस आर्टिकल में हम आपको बेहद ही आसान भाषा में समझाने वाले हैं कि आखिर इस उम्र में पेट बाहर निकलने की असली वजह क्या है और हमारी कौन सी छोटी-छोटी गलतियां उसे और भी बढ़ावा देने का काम करती हैं. तो चलिए इनके बारे में विस्तार से जानते हैं.
स्लो पड़ता मेटाबॉलिज्म और हार्मोन का खेल
जैसे ही हम 30 की उम्र को पार करते हैं, हमारे शरीर का मेटाबॉलिज्म स्लो होने लग जाता है. यह हमारे शरीर की वह मशीन है जो खाने को एनर्जी में कन्वर्ट करने का काम करती है. जब मेटाबॉलिज्म ही स्लो पड़ने लग जाता है, तो हमारा शरीर कैलोरी को उतनी तेजी से बर्न नहीं कर पाता है. इसका रिजल्ट यह होता है कि बची हुई कैलोरी चर्बी बनकर पेट के आसपास जमने लग जाती है. इसके साथ ही पुरुषों और महिलाओं के शरीर में हार्मोन के लेवल में भी बदलाव आने लगता है. यही हार्मोन शरीर में फैट को सही जगह पर भेजने का काम करते हैं और जैसे ही शरीर में इनकी कमी होने लगती है, यह फैट सीधा पेट पर जमा होने लगता है.
शरीर में मसल्स की कमी होना
जैसे-जैसे हमारी उम्र बढ़ती है, हमारे शरीर में मसल्स नैचुरली कम होने लग जाते हैं. मसल्स हमारे शरीर में सबसे ज्यादा कैलोरी बर्न करने में मदद करते हैं. अगर आप हर दिन थोड़ी देर भी एक्सरसाइज नहीं करते हैं, तो आपके शरीर के मसल्स धीरे-धीरे कम होने लग जाते हैं. जब आपके शरीर में मसल्स कम हो जाएंगे, तो आपके शरीर की कैलोरी बर्न करने की ताकत भी घटने लग जाएगी. ऐसा होने की वजह से आपका वही पुराना खान-पान भी पेट के आसपास चर्बी के रूप में इकट्ठा होने लग जाता है.
ये भी पढ़ें: जींस पहनते ही दिखने लगते हैं लव हैंडल्स? हर दिन करें ये 5 एक्सरसाइज, कुछ ही दिनों में दिखने लगेगा फर्क
बढ़ता हुआ स्ट्रेस और स्ट्रेस हार्मोन
30 की उम्र को पार करने के बाद अक्सर नौकरी, परिवार और ढेरों जिम्मेदारियां जीवन में अचानक से बढ़ जाती हैं, जिसकी वजह से स्ट्रेस भी बढ़ने लग जाता है. जब भी हम ज्यादा स्ट्रेस लेते हैं, तो हमारे शरीर में कोर्टिसोल नाम के स्ट्रेस हार्मोन का प्रोडक्शन होने लग जाता है. जब यह हार्मोन शरीर में ज्यादा बनने लग जाता है, तो हमारे दिमाग को लगने लगता है कि शरीर पर कोई बड़ी मुसीबत आ गई है और उसे अब एनर्जी को बचाकर रखना शुरू कर देना चाहिए. इसी चक्कर में हमारा शरीर पेट के निचले हिस्से में जिद्दी फैट यानी कि चर्बी जमा करना शुरू कर देता है.
अधूरी नींद और देर रात तक जागना
आजकल की भागदौड़ भरी इस जिंदगी में लोग सबसे पहले अपनी नींद से कॉम्प्रोमाइज कर लेते हैं. अगर आप हर रात कम से कम 7 से 8 घंटे की नींद नहीं ले रहे हैं, तो आपके शरीर के भूख को कंट्रोल करने वाले हार्मोन का बैलेंस बिगड़ने लग जाता है. इसके अलावा सही से नींद पूरी न होने की वजह से हम दिनभर थकावट महसूस करते रहते हैं और इसी से बाहर निकलने के लिए हमारा कुछ मीठा या फिर तला-भुना खाने का मन करता रहता है. जब हम रात को देर तक जागते हैं तो हमारा मन बेवजह स्नैक्स खाने का करता है, जिसकी वजह से भी हमारे पेट में चर्बी बढ़ने लग जाती है.
दिनभर एक ही जगह बैठे रहना
30 की उम्र के बाद ज्यादातर लोगों का काम ऐसा हो जाता है जहां हमें घंटों एक ही जगह और एक ही कुर्सी पर बैठकर काम करना पड़ता है. दिन में एक ही जगह पर 8 से 10 घंटों तक बैठे रहना, सीढ़ियों की जगह पर लिफ्ट का इस्तेमाल करना और थोड़ी देर भी पैदल नहीं चलना पेट की चर्बी बढ़ने का सबसे बड़ा कारण है. जब आप एक ही जगह पर लंबे समय तक बैठे हुए रहते हैं तो आपके पेट के मसल्स ढीले पड़ने लग जाते हैं और इससे हमारा खाना भी ठीक से डाइजेस्ट नहीं हो पाता है. जब शरीर में हलचल नहीं होगी, तो कोई भी खाया हुआ खाना फैट बनकर पेट पर जमता रहेगा.
ये भी पढ़ें: रात की भूख भी मिटेगी और वजन भी नहीं बढ़ेगा, डिनर में शामिल करें ये 5 सुपर लो कैलोरी फूड्स
कम पानी पीना और गलत खान-पान
जैसे-जैसे हमारी उम्र बढ़ती है, कई बार ऐसा भी होने लगता है कि हमें प्यास बहुत कम लगने लगती है. जब आप पानी कम पीने लगते हैं, तो आपका डाइजेस्टिव सिस्टम स्लो हो जाता है और साथ ही शरीर की गंदगी भी बाहर नहीं निकल पाती है. इसके अलावा खाने में प्रोटीन और हरी सब्जियों की कमी होना और पैक्ड खाना या कोल्ड ड्रिंक्स ज्यादा पीना पेट की चर्बी को बहुत तेजी से बढ़ाता है.
पेट निकलने की समस्या को कैसे कंट्रोल करें?
अगर आपका पेट निकलने लगा है तो इसका इकलौता कारण सिर्फ ज्यादा खाना नहीं है, बल्कि इसके पीछे सबसे बड़ा कारण शरीर में हो रहे बदलावों को नजरअंदाज करना है. अगर आप चाहते हैं कि 30 की उम्र के बाद भी आपका पेट बाहर न निकले, तो अपनी हर दिन की आदतों में छोटे-छोटे बदलाव करना शुरू कर दें. हर दिन कम से कम 30 मिनट वॉक करें या फिर हल्की-फुलकी एक्सरसाइज करें. अपनी डाइट में प्रोटीन से लोडेड चीजें जैसे कि दाल, पनीर और साथ ही हरी सब्जियों को शामिल करें ताकि मसल लॉस न हो. अगर आपको ज्यादा स्ट्रेस होता है, तो इसे कंट्रोल करने के लिए थोड़ा समय खुद को देना शुरू कर दें और हर रात कम से कम 7 से 8 घंटे की नींद लें. सिर्फ थोड़ी सी समझदारी और सही आदतों से आप 30 के बाद भी एकदम फिट और हेल्दी रह सकते हैं.
ये भी पढ़ें: पतले होने की जल्दबाजी में लोग अक्सर कर बैठते हैं ये 5 गलतियां, जान लें इससे पहले कि सेहत को पहुंचे नुकसान
The post 30 के बाद अचानक क्यों निकलने लगता है पेट? वजह सिर्फ ज्यादा खाना नहीं, ये 6 आदतें भी जिम्मेदार appeared first on Prabhat Khabar.

