28 सितंबर से देश के तमाम बैंक कर्मी हड़ताल पर जाने वाले थे. ये तीन दिवसीय हड़ताल अब टाल दी गई है. हड़ताल से महज एक दिन पहले IBA और बैंक यूनियनों के संगठन UFBU की देर रात बैठक हुई. इस बैठक में कई बातों पर चर्चा हुई और कुछ फैसले भी किए गए. जिसके बाद इस हड़ताल को टाल दिया गया है.
ये हड़ताल 28 से 30 सितंबर तक होने वाली थी. जिसको आम जनता भी काफी परेशान थी. क्योंकि इससे बैंक से जुड़े काम भी प्रभावित होने वाले थे. लेकिन एक दिन पहले ही हड़ताल टालने के फैसले से अब जनता भी राहत की सांस लेगी.
देर रात बैठक में हुई चर्चा
दरअसल हड़ताल से महज एक दिन पहले यानी 27 सितंबर की देर रात इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA) और बैंक यूनियनों के संगठन UFBU (Union Forum of Bank Unions) के बीच बैठक हुई. इस बैठक में कुछ बातों पर सहमति बनी जिसके बाद यूनियनों ने इस तीन दिवसीय हड़ताल को आगे के लिए टाल दिया है.
रद्द नहीं हुई है हड़ताल
इस बैठक में क्या चर्चा हुई और क्या मांगे मानी गई हैं, इस बारे में फिलहाल संगठन ने कुछ नहीं बताया है. हालांकि UFBU ने पहले ही ये बात साफ कर दी है कि फिलहाल हड़ताल केवल टाली गई है, ना कि रद्द की गई है. यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो 26 अक्टूबर से वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर भी जा सकते हैं.
क्या थी यूनियन की मुख्य मांगें?
इस हड़ताल के जरिए यूनियन की मुख्य मांग ये थी कि बैंकिंग प्रणाली हफ्ते में पांच दिन की जाए. यानी 5 डे वर्किंग बैंक कर्मियों को दिया जाए. हालांकि किन बातों पर सहमति बनी है इसकी पूरी जानकारी UFBU बाद में देगा.
बता दें कि 28 सितंबर से हड़ताल होने के चलते रविवार को कुछ सरकारी और ग्रामीण बैंकों को भी खोला गया था. जिससे कि हड़ताल के कारण बैंक का काम प्रभावित ना हो और ग्राहकों को असुविधा ना हो. तो वहीं अब जब हड़ताल को कुछ समय के लिए टाल दिया गया है तो ये ग्राहकों के लिए एक बड़ी राहत की तरह है.
ये भी पढ़ें: नए साल से DHL का बड़ा झटका! भारत में 8.9% महंगी होगी शिपमेंट सर्विस

