
Balancing Career and Love Life: आजकल यह देखा जा रहा है कि करियर और प्यार के बीच लोग बैलेंस नहीं बना पा रहे हैं. इस वजह से काम करते हुए भी उनका काम में ध्यान नहीं लगता है और वे गलतियां कर बैठते हैं. इससे कार्यक्षेत्र में भी छवि खराब होती है, साथ ही रिलेशनशिप पर भी प्रभाव पड़ता है. यही कारण है कि एक समय ऐसी स्थिति आ जाती है कि प्यार और जॉब दोनों हाथों से फिसलते हुए नजर आते हैं. इसलिए करियर और प्यार में संतुलन बनाने के लिए स्पष्ट प्राथमिकताएं तय करने की जरूरत होती है.

बातचीत से जॉब और पर्सनल लाइफ की सीमाएं तय करें
सबसे पहले जरूरी चीजों को पहचानें और पर्सनल लाइफ और काम के बीच सीमाएं तय करें. इसके साथ ही खुलकर बातचीत करें और अपने पार्टनर को अपने काम के घंटों और लक्ष्यों के बारे में बताएं. साथ ही परेशानियों को लेकर भी बात करें. इससे अंडरस्टैंडिंग मजबूत होगी और आप मानसिक तनाव से दूर रहेंगे. काम के समय काम पर ध्यान देने की कोशिश करें और उस दौरान बार-बार पर्सनल लाइफ के बारे में सोचने से बचें. वहीं, जब आप पार्टनर के साथ हों तो उस समय काम से जुड़ी चीजों को थोड़ी देर के लिए अलग रखने की कोशिश करें.
समय-समय पर डिनर प्लान करें
अगर समय की कमी के कारण आप अपने पार्टनर को समय नहीं दे पा रहे हैं, तो उनके साथ आप जितना भी समय बिता रहे हैं, उसे यादगार बनाने की कोशिश करें. इसके लिए आप समय-समय पर डिनर प्लान करें या फिर ऐसी जगह जाने की कोशिश करें, जो आपके पार्टनर को पसंद हो. जरूरी नहीं है कि साथ समय बिताने के लिए हमेशा लंबा प्लान बनाया जाए. कभी-कभी साथ बैठकर बातचीत करना या छोटी सी आउटिंग भी रिश्ते को मजबूत बनाने में मदद कर सकती है.
एक-दूसरे के करियर और सपनों का सम्मान करें
अपने पार्टनर के करियर और सपनों का भी सम्मान करें. अपने साथी के करियर प्लान को लेकर उन्हें मोटिवेट करें. अगर वे अपने काम को लेकर परेशान हैं, तो उनकी बात सुनें और उन्हें समझने की कोशिश करें. इसी तरह अपनी परेशानियों को भी उनसे शेयर करें. इससे दोनों के बीच भरोसा बढ़ेगा और एक-दूसरे की जिम्मेदारियों को समझना आसान होगा.
काम, आराम और पार्टनर के लिए समय तय करें
करियर और रिश्ते दोनों को समय देने के लिए जरूरी है कि आप अपने दिन को सही तरीके से प्लान करें. काम, आराम और पार्टनर के लिए समय पहले से तय करने पर चीजें काफी आसान हो सकती हैं. हर समय किसी एक चीज को लेकर तनाव में रहने के बजाय दोनों के लिए थोड़ा-थोड़ा समय निकालना बेहतर है. इससे काम पर भी ध्यान बना रहेगा और रिश्ते में भी दूरी महसूस नहीं होगी.
यह भी पढ़ें: लड़की को करना है इम्प्रेस? शुरुआत से ही इन बातों का रखें ख्याल
The post करियर और प्यार में नहीं बना पा रहे बैलेंस? अपनाएं ये आसान टिप्स appeared first on Prabhat Khabar.
