Petrol Diesel News: कच्चे तेल की कीमतों बढ़ोतरी के बाद भारत में भी पेट्रोल- डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ. जिससे आम जनता काफी परेशान हो गई है. क्योंकि इससे ना केवल ईंधन महंगा हुआ है बल्कि इससे जुड़ी हर एक चीज की कीमतें बढ़ रही हैं. इसी बीच महंगे पेट्रोल-डीजल से परेशान लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है. केंद्र सरकार के मंत्री ने बताया है कि तेल की कीमतें ज्यादा लंबे समय तक बढ़ी हुई नहीं रहेंगी.
सरकार बोली तेल की कीमतें होंगी कम!
दरअसल हाल ही में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया है कि कच्चे तेल और गैस की मौजूदा कीमतें लंबे समय तक नहीं टिकेंगी और आने वाले महीनों में ये कीमतें कम हो सकती हैं. उन्होंने कहा कि, ‘भारत के पास पर्याप्त तेल और गैस भंडार मौजूद हैं. मौजूदा स्टॉक देश की जरूरतों को लगभग 70 से 80 दिनों तक पूरा कर सकता है. इससे कम समय के संकट से निपटने में मदद मिलेगी’. हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि अगर संघर्ष जारी रहता है तो स्थिति ज्यादा गंभीर हो सकती है.
ये भी पढ़ें: LPG Price Hike: अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1600 रुपए पहुंच गई गैस सिलेंडर की कीमत, फिर भी सस्ता दे रही सरकार, जानें वजह

कूटनीति से हल निकाल रहा भारत
भारत अपनी जरूरत का तेल का बड़ा हिस्सा आयात से पूरा करता है. ऐसे में अगर खाड़ी क्षेत्र से सप्लाई प्रभावित होती है तो अमेरिका और कनाडा जैसे पश्चिमी देशों से तेल की आपूर्ति बढ़ाकर कमी पूरी की जा सकती है. इस बीच भारत लगातार सभी पक्षों से बातचीत और कूटनीतिक समाधान अपनाने की अपील कर रहा है. विदेश मंत्रालय ने भी हालिया तनाव पर चिंता जताते हुए तुरंत तनाव कम करने और बातचीत जारी रखने की जरूरत बताई है.
बता दें कि ईरान और यूएस के बीच चल रहे संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में उथल-पुथल मची हुई है. इसके चलते तेल और गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गई हैं. खास तौर पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में व्यवधान से वैश्विक सप्लाई प्रभावित हुई, जहां से दुनिया के करीब 20 फीसदी तेल और गैस की आवाजाही होती है.

