Meta के CEO और फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति में सोमवार को करीब 25 अरब डॉलर (करीब 2.2 लाख करोड़ रुपये) का इजाफा हुआ है. इसकी सबसे बड़ी वजह Meta के शेयर में आई तेज बढ़ोतरी रही.
फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को Meta के शेयर की कीमत करीब 11.4% बढ़ गई. ये अप्रैल 2025 के बाद कंपनी के शेयर में एक दिन की सबसे बड़ी बढ़ोतरी थी. शेयर में तेजी के बाद जुकरबर्ग की कुल संपत्ति बढ़कर करीब 253.6 अरब डॉलर (24.32 लाख करोड़ रुपये) हो गई.
Meta के शेयर में क्यों आया उछाल?
Meta के शेयर में तेजी की बड़ी वजह कंपनी की AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रणनीति को लेकर निवेशकों का बढ़ता भरोसा है. हाल ही में अपना नया AI असिस्टेंट Muse लॉन्च किया है. ये एक ऐसा AI टूल है जो यूजर्स के कई रोजमर्रा के काम कर सकता है, जैसे ईमेल भेजना, ट्रैवल बुकिंग करना, ऑनलाइन फॉर्म भरना और शॉपिंग जैसे काम किए जा सकते हैं.
कैसे बढ़ी जुकरबर्ग की संपत्ति?
ये समझना भी जरूरी है कि जुकरबर्ग को एक दिन में 25 अरब डॉलर की रकम सैलरी या नकद के रूप में नहीं मिली. जुकरबर्ग के पास Meta के काफी शेयर हैं. इसलिए जब Meta के शेयर की कीमत बढ़ती है, तो उनके पास मौजूद शेयरों की बाजार कीमत भी बढ़ जाती है.
Forbes के मुताबिक, सोमवार सुबह Meta के शेयर बढ़ने से ही जुकरबर्ग की संपत्ति करीब 12.9 अरब डॉलर (1.24 लाख करोड़ रुपये) बढ़ गई थी. दिन के बीच तक ये बढ़ोतरी करीब 25 अरब डॉलर (करीब 2.2 लाख करोड़ रुपये) हो गई.
Meta का एक और AI मॉडल
Meta ने Muse Glimmer नाम का एक AI मॉडल भी लॉन्च किया है. कंपनी के अनुसार ये ऐसा मॉडल है जिसे क्लाउड सर्वर पर पूरी तरह निर्भर रहने की जगह उपभोक्ताओं के हार्डवेयर पर भी चलाया जा सकता है. इसे लेकर Meta का कहना है कि Muse Glimmer में करीब 30 अरब पैरामीटर हैं और ये एक साधारण कंज्यूमर GPU पर भी चल सकता है.
ये भी पढ़ें: दाल, सब्जी और तेल महंगा, एक हफ्ते में बेतहाशा बढ़े राशन के दाम


