तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने दक्षिण 24 परगना जिले के अमताला में अपने पार्टी ऑफिस को तोड़े जाने के खिलाफ याचिका दायर की है। इस मामले की सुनवाई रविवार को जस्टिस राजा बसु चौधरी की विशेष पीठ में होगी। अभिषेक बनर्जी ने बताया कि उन्होंने हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस के ओएसडी को ईमेल भेजकर कार्रवाई के वीडियो सौंपे हैं और तुरंत सुनवाई की मांग की है। उन्होंने जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट जाने की बात भी कही है।
प्रशासन का दावा: अवैध था निर्माण
पार्टी ऑफिस को तोड़ने की कार्रवाई शनिवार को शुरू हुई थी, जो रविवार सुबह भी जारी रही। दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन का दावा है कि यह इमारत बिना किसी वैध बिल्डिंग प्लान के बनाई गई थी। प्रशासन ने इस अवैध निर्माण पर सफाई मांगने के लिए 30 जून और 7 जुलाई को दो नोटिस भेजे थे। नोटिस पाने वाले व्यक्ति को 15 जुलाई को जिला प्रशासन के कार्यालय में पेश होना था, लेकिन कोई पेश नहीं हुआ। नोटिस का जवाब न मिलने के बाद प्रशासन ने इसे तोड़ने का फैसला किया।
ये भी पढ़ें: ‘बहुविवाह-सरकारी नौकरी साथ नहीं चल सकते’: असम सीएम की चेतावनी, कहा- बहन-बेटियों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे
स्थानीय लोगों के गंभीर आरोप
दूसरी तरफ, स्थानीय लोगों ने इस पार्टी ऑफिस को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि यह ऑफिस गैर-कानूनी और जबरदस्ती तरीके से बनाया गया था। उनका आरोप है कि टीएमसी से जुड़े जहांगीर खान जैसे कुख्यात अपराधी इस जगह से अपनी गतिविधियां चलाते थे।