अमर उजाला फाउंडेशन और दिव्यांग सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट आगरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जाने वाली श्री डोरीलाल अग्रवाल राष्ट्रीय मेधावी दिव्यांग छात्रवृत्ति–2026 के लिए आवेदन फॉर्म ऑनलाइन प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। यह जानकारी छात्रवृत्ति कार्यक्रम संयोजक सुनील विकल ने दी।
आवेदन फॉर्म भरकर स्पीड पोस्ट द्वारा भेजने की अंतिम तिथि 30 सितंबर है, भरा हुआ फॉर्म आवेदन फॉर्म पर लिखे पते पर भेजना है। केवल वही दिव्यांग छात्र-छात्राएं आवेदन फॉर्म भर सकेंगे, जिन्होंने जुलाई 2026 से प्रारंभ शैक्षिक सत्र में किसी कॉलेज में नियमित छात्र–छात्रा के रूप में प्रवेश लिया है। ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. ज्ञान प्रकाश ने बताया कि dsctagra2025@gmail.com पर मेल भेजकर छात्र-छात्राएं ऑनलाइन आवेदन फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं।
मेल में अपना नाम, मोबाइल नंबर, कोर्स जिसमें अध्ययन कर रहे हैं तथा पासपोर्ट साइज फोटो को dsctagra2025@gmail.com आई डी पर मेल करना होगा। आवेदन फॉर्म छात्र-छात्राओं की मेल आई डी पर भेज दिया जाएगा। मेरिट व अन्य मानकों के आधार पर किया जाएगा मेधावी छात्र–छात्राओं का चयन।
ये कर सकते हैं आवेदन
ट्रस्ट के सचिव अनिल अग्रवाल के अनुसार बी.ए, बी.कॉम, बी.एससी, एम.ए, एम.कॉम, एम.एससी, बी.एड, एम.एड, डी.एल.एड, पी.जी.डी.सी.ए, बी.सी.ए, एम.सी.ए, बी.बी.ए, एम.बी.ए, एल.एल.बी, एल.एल.एम, एम.एस.डब्ल्यू, बी.ई, बी.टेक, एम.टेक, पी.एच.डी, पॉलिटेक्निक, मेडिकल एवं पैरामेडिकल कोर्स, फिजियोथेरेपी, नर्सिंग, फार्मेसी में पढ़ रहे नियमित दिव्यांग छात्र-छात्राएं ही आवेदन फॉर्म भरने के पात्र होंगे। प्रकल्प संरक्षक रामशरण मित्तल ने बताया कि वर्ष 2025 में 13 राज्यों के 187 दिव्यांग छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के रूप में 45 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की गई थी। मीडिया प्रभारी डॉ. मुनीश्वर गुप्ता ने बताया कि मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा जारी विकलांगता प्रमाण-पत्र की स्वहस्ताक्षरित फोटोकॉपी भी छात्र-छात्राओं को मेल करनी होगी।
इन्हें नहीं करना होगा पुनः आवेदन…
ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. वीरेन्द्र कुमार गुप्ता ने बताया वर्ष 2025 में जिन छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की गई थी। यदि वह इस वर्ष भी उसी कोर्स में अध्ययन कर रहे हैं, उन्हें इस वर्ष की छात्रवृत्ति के लिए सत्र 2025-26 में हुई परीक्षाओं की स्व प्रमाणित अंक तालिका dsctagra2025@gmail.com पर अपना नाम, क्लास तथा पंजीकरण संख्या लिखकर मेल 15 अक्तूबर, 2026 तक करना होगा, ऐसे छात्र-छात्राओं को इस वर्ष पुनः आवेदन नहीं करना है।
छात्रवृत्ति धनराशि की रहेंगी ये श्रेणियां
- स्नातक में अध्ययनरत (ग्रेजुएशन)
15 हजार रुपये प्रतिवर्ष
- परास्नातक में अध्ययनरत (पोस्ट-ग्रेजुएशन)
20 हजार रुपये प्रतिवर्ष
- प्रोफेशनल कोर्स में अध्ययनरत
30 हजार रुपये प्रतिवर्ष
इन्हें करना है पुनः आवेदन
डॉ. वीरेन्द्र कुमार गुप्ता ने बताया कि जिन छात्र-छात्राओं को वर्ष 2025 में छात्रवृत्ति प्रदान की गई थी एवं सत्र 2025–26 में जिनकी पढ़ाई पूरी हो चुकी है तथा जुलाई 2025 में उन्होंने नए कोर्स मे पुनः एडमिशन लिया है, उन्हें dsctagra2025@gmail.com पर अपना नाम, कोर्स जिसमें प्रवेश लिया है, मोबाइल नंबर, पासपोर्ट साइज फोटो तथा वर्ष 2025 की पंजीकरण संख्या लिखकर मेल करना होगा, आवेदन फॉर्म उनकी मेल आई डी पर भेज दिया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए इन नंबरों पर संपर्क करें
8191832341, 9359599992, 9917122212, 9410666978


