Gen Z Dating Trends: जेन जेड युवकों और युवतियों के बीच रिश्तों को लेकर एक बड़ा अंतर सामने आया है. यॉर्क विजन में 22 सितंबर को पब्लिश एक लेख के मुताबिक, करीब 60 फीसदी जेन जेड युवक सिंगल हैं, जबकि जेन जेड युवतियों में यह आंकड़ा करीब 30 फीसदी है. आंकड़ों में यह अंतर क्यों है और जेन जेड युवतियां रिश्तों में किस तरह के पार्टनर को पसंद कर रही हैं, इसको लेकर भी लेख में कई बातें सामने आई हैं. हालांकि, इन आंकड़ों के ओरिजिनल सोर्स का जिक्र नहीं किया गया है, इसलिए इन्हें यॉर्क विजन के लेख में दिए गए आंकड़ों के तौर पर ही देखा जाना चाहिए.
रिश्तों के बदलते ट्रेंड पर चर्चा
यॉर्क विजन के लेख में रिलेशनशिप के बदलते ट्रेंड को लेकर चर्चा की गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, इस बड़े अंतर का एक कारण यह भी हो सकता है कि कई जेन जेड युवतियां अपने से ज्यादा उम्र के पुरुषों को डेट करना पसंद कर रही हैं. मगर यह बदलाव सिर्फ उम्र के अंतर तक सीमित नहीं है, इसके पीछे जेन जेड और मिलेनियल दोनों की परवरिश और उनके बड़े होने का माहौल भी शामिल है.
मिलेनियल और जेन जेड के अनुभव में अंतर

मिलेनियल पुरुषों ने उस दौर में अपना बचपन और जवानी की शुरुआत की, जब इंटरनेट, सोशल मीडिया और डेटिंग ऐप्स नहीं हुआ करते थे. आमने-सामने बैठकर उन्होंने असल जिंदगी में रिश्ते और दोस्ती दोनों को बखूबी निभाया. वहीं, इसके ठीक उलट जेन जेड की पूरी जिंदगी की शुरुआत ही सोशल मीडिया और स्क्रीन से हुई.
मिलेनियल पुरुष क्यों लगते हैं सहज
यॉर्क विजन के अनुसार, यही वजह है कि जेन जेड युवतियों को मिलेनियल पुरुषों के साथ ज्यादा सहज महसूस होता है. उन्हें मिलेनियल पुरुष ज्यादा मैच्योर, वास्तविक और रिश्तों को लेकर सहज लगते हैं. जेन जेड युवतियों को अपने पार्टनर में दिखावे से ज्यादा जरूरी उनके सामने बैठकर खुलकर बात करना और एक-दूसरे की भावनाओं को समझना लगता है.
जेन जेड युवकों में बढ़ता अकेलापन

इसके साथ ही लेख में जेन जेड युवकों में बढ़ते हुए अकेलेपन के बारे में भी बताया गया है. बताया गया है कि अपनी भावनाओं को साझा करने के लिए जेन जेड युवकों के पास कोई मजबूत सिस्टम नहीं है. साथ ही, इस अकेलेपन के समाधान के लिए नए रिश्ते में कूदना जरूरी नहीं है. इसके लिए एक बेहतर इंसान जरूरी है, जो अपनी खुद की भावनाओं को समझे और पार्टनर के सामने ईमानदारी से उन्हें बताए.
रिश्तों में बराबरी और सम्मान की तलाश
इसलिए जेन जेड युवतियां ऐसे साथी की तलाश में हैं, जो भावनात्मक रूप से ज्यादा मजबूत हो और उन पर कुछ भी सीखने की जिम्मेदारी न डाले. वे ऐसे ही रिश्ते की खोज में हैं, जहां बराबरी हो, समझदारी और सम्मान को तरजीह दी जाए.
यही भी पढ़ें: हाथ में पोस्टर, जेहन में बात… दिल्ली-मुंबई के प्रदर्शन में दिखा Gen Z का अंदाज
The post डिजिटल युग और बदलते डेटिंग ट्रेंड्स, क्यों Millennial पुरुषों की तरफ आकर्षित हो रही हैं Gen Z युवतियां? appeared first on Prabhat Khabar.


