
आज भी कई लोग गाने सुनने, पॉडकास्ट सुनने या फोन पर बात करने के लिए वायर वाले ईयरफोन का इस्तेमाल करते हैं. इन ईयरफोन की सबसे बड़ी परेशानी उनकी तार है. जेब या बैग में रखते ही तार आपस में उलझ जाती है और निकालते समय उसे सुलझाने में काफी समय लग जाता है. कई बार जल्दबाजी में तार को खींचने से वह खराब भी हो सकती है.
अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो ईयरफोन को यूं ही जेब में डालने के बजाय उसे रखने का तरीका बदल दें. कुछ आसान तरीकों से तार को व्यवस्थित रखा जा सकता है.
फिगर-8 तरीके से लपेटें तार
ईयरफोन की तार को उलझने से बचाने का सबसे आसान तरीका फिगर-8 बनाना है. इसके लिए अपनी दो उंगलियों को थोड़ा अलग रखें और तार को उनके चारों ओर आठ के आकार में लपेटते जाएं. आखिर में बचे हुए तार को बीच में लपेटकर जैक को बने लूप में फंसा दें. इस तरह तार खुलकर इधर-उधर नहीं घूमेगी.
फोन के चारों ओर लपेटना भी आसान
अगर आप ईयरफोन को हमेशा फोन के साथ रखते हैं, तो तार को मोबाइल के चारों ओर हल्के हाथ से लपेट सकते हैं. इससे दोनों चीजें एक साथ रहेंगी और जेब में तार के उलझने की संभावना कम होगी. ध्यान रखें कि तार को बहुत कसकर न लपेटें, वरना उस पर अनावश्यक दबाव पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: धोने के बाद तौलिया हो जाता है खुरदरा? इन आसान तरीकों से रखें उसे हमेशा सॉफ्ट
बाइंडर क्लिप से रखें व्यवस्थित
एक छोटी बाइंडर क्लिप भी ईयरफोन को संभालकर रखने में काम आ सकती है. पहले तार को हल्के तरीके से लपेटें और फिर क्लिप से उसे पकड़ लें. इससे तार बार-बार खुलकर उलझेगी नहीं. क्लिप को बैग की जेब या किसी स्ट्रैप से भी लगाया जा सकता है.
पुराने कार्ड से बनाएं होल्डर
घर में पड़ा कोई पुराना प्लास्टिक कार्ड भी ईयरफोन होल्डर बनाने के काम आ सकता है. कार्ड में छोटे स्लॉट बनाकर दोनों ईयरबड्स को उनमें फंसा दें. इसके बाद तार को कार्ड के चारों ओर लपेटें और जैक को आखिरी स्लॉट में लगा दें. इससे ईयरफोन आसानी से व्यवस्थित रहेगा.
उलझी तार को जोर से न खींचें
अगर तार पहले से उलझी हुई है, तो उसे खींचकर तुरंत सुलझाने की कोशिश न करें. ईयरफोन को डिवाइस से अलग करके किसी समतल जगह पर रखें. फिर एक-एक गांठ को धीरे-धीरे खोलें. जल्दबाजी में जोर लगाने से तार के अंदर मौजूद वायर को नुकसान पहुंच सकता है.
यह भी पढ़ें: फ्रिज को समझ लिया है हर चीज का ठिकाना? इन 6 चीजों को अंदर रखना पड़ सकता है भारी
The post ईयरफोन की तार बार-बार उलझती है? जेब में रखने से पहले अपनाएं ये आसान ट्रिक appeared first on Prabhat Khabar.
