
अमेरिकी नौसेना (US Navy) के युद्धपोत USS अब्राहम लिंकन (USS Abraham Lincoln) पर तैनात 8 अमेरिकी नौसैनिकों ने लंबे और कठिन मिशन के दौरान आत्महत्या करने की कोशिश की. नौसेना के कार्यवाहक सचिव हंग काओ ने अमेरिकी सीनेटर कर्स्टन गिलिब्रैंड को लिखे एक लेटर में इस बात की पुष्टि की है.
मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और ईरान से जुड़े अभियानों के कारण इस युद्धपोत पर तैनात नौसैनिकों की ड्यूटी की अवधि बार-बार बढ़ाई जा रही थी. नौसैनिकों के परिवारों ने शिकायत की थी कि इतने लंबे मिशन के कारण सैनिकों का मानसिक स्वास्थ्य बिगड़ रहा है और जहाज पर रहने की स्थिति बहुत खराब हो चुकी है.
खाने की किल्लत सामने आई
रिपोर्ट्स के मुताबिक जहाज पर पीने के साफ पानी की कमी, खराब प्लंबिंग और ताजा खाने की किल्लत की बातें सामने आई थीं. नौसेना ने किसी भी बड़े मानसिक स्वास्थ्य संकट से इनकार किया है. उनका कहना है कि पाइपलाइनों में कुछ समय के लिए खराबी आई थी और खाने के विकल्पों में थोड़ी कटौती हुई थी, लेकिन अब हालात नियंत्रण में हैं. जहाज पर सैनिकों की मदद के लिए 5 धार्मिक सलाहकार और कई मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ मौजूद थे.
सरकार पर साधा निशाना
सीनेटर कर्स्टन गिलिब्रैंड ने ट्रंप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन समस्याओं को पहले ‘फेक न्यूज’ कहकर खारिज किया जा रहा था, वे असल में नौसैनिकों के लिए बेहद गंभीर थीं. उन्होंने सैनिकों के साथ ऐसे व्यवहार को पूरी तरह से अस्वीकार बताया.
लंबे समय बाद की वापसी
बता दें ये युद्धपोत पिछले साल नवंबर में कैलिफोर्निया से रवाना हुआ था. मई में इसकी वापसी तय थी, लेकिन मिशन की अवधि बार-बार बढ़ा दी गई. लगभग 9 महीने के लंबे और थकाऊ सफर के बाद अब यह जहाज अमेरिका लौट रहा है. वापसी के रास्ते में अमेरिकी सैनिकों को थाईलैंड में कुछ समय के लिए रुकने और आराम करने का मौका मिला.
ये भी पढ़ें: भारत की ओर बढ़ा चक्रवाती तूफान, इन राज्यों में अलर्ट, कब होगा लैंडफॉल?

