
Rainy Season Insect Control: मानसून आते ही घरों में एक आम परेशानी शुरू हो जाती है. जैसे ही शाम को बालकनी, बरामदे या घर के बाहर की लाइट जलती है, वैसे ही छोटे-छोटे कीड़े और पतंगे उसके आसपास उड़ने लगते हैं. कई बार इनकी वजह से बाहर बैठना भी मुश्किल हो जाता है. अगर आप हर बार केमिकल स्प्रे का इस्तेमाल नहीं करना चाहती हैं, तो घर में मौजूद कुछ आसान चीजों की मदद से भी इस परेशानी को कम किया जा सकता है. आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ आसान घरेलू उपाय.
सरसों के तेल वाला आसान उपाय
अगर बारिश के मौसम में बल्ब के आसपास बार-बार कीड़े जमा हो जाते हैं, तो सरसों के तेल का यह आसान घरेलू तरीका आजमा सकती हैं. इसके लिए 1 चम्मच सरसों का तेल और एक छोटी पॉलीथीन लें. सबसे पहले पॉलीथीन पर सरसों का तेल अच्छी तरह लगा दें. इसके बाद इसे बल्ब के होल्डर के पास सुरक्षित तरीके से इस तरह लगाएं कि पॉलीथीन सीधे गर्म बल्ब को न छुए. शाम के समय इस आसान ट्रिक से बल्ब के आसपास मंडराने वाले कीड़ों की परेशानी काफी हद तक कम हो सकती है.
यह तरीका कैसे काम करता है?
शाम के समय ज्यादातर कीड़े रोशनी की तरफ आकर्षित होकर आते हैं. बल्ब के पास पहुंचने पर कुछ कीड़े तेल लगी सतह पर चिपक सकते हैं. वहीं सरसों के तेल की तेज गंध भी कई कीड़ों को आसपास आने से रोकने में मदद कर सकती है. यह एक आसान घरेलू तरीका है, जिसमें किसी केमिकल स्प्रे की जरूरत नहीं पड़ती.
पानी वाला आसान तरीका
अगर आप सरसों के तेल का इस्तेमाल नहीं करना चाहती हैं, तो एक और आसान उपाय अपना सकती हैं. एक चौड़ी थाली या बर्तन में पानी भरकर उसे उस लाइट के नीचे रख दें, जहां सबसे ज्यादा कीड़े आते हैं. रोशनी की तरफ उड़ने वाले कई कीड़े नीचे गिरने पर फर्श की बजाय पानी में चले जाते हैं, जिससे आसपास गंदगी कम फैलती है.
नीम के तेल का स्प्रे भी है काम का
- नीम का तेल भी बरसाती कीड़ों को दूर रखने में मदद कर सकता है.
- एक स्प्रे बोतल में पानी भरें.
- इसमें 2 से 3 चम्मच नीम का तेल डालें.
- थोड़ा-सा लिक्विड डिशवॉश मिलाकर अच्छी तरह हिलाएं.
- अब इस मिश्रण को खिड़कियों, दरवाजों और बालकनी के आसपास स्प्रे करें.
- आप चाहें तो शाम के समय बालकनी में नीम के तेल का दीया भी जला सकती हैं.
इन बातों का भी रखें ध्यान
- शाम के समय जरूरत होने पर ही बाहर की लाइट जलाएं.
- खिड़कियों और दरवाजों पर जाली लगाकर रखें.
- घर के आसपास पानी जमा न होने दें.
- बालकनी और बरामदे की नियमित सफाई करते रहें.
यह भी पढ़ें: क्या आपका सीलिंग फैन भी हो गया है धूल से गंदा? इन आसान ट्रिक्स से मिनटों में करें साफ


