
Navratri Home Decor Tips: घर पर मां दुर्गा का स्वागत करने के लिए नवरात्रि के त्योहार को बहुत ही खास और पवित्र माना जाता है. इस समय हर कोई अपने घर को दूसरे दिनों की तुलना में ज्यादा साफ-सुथरा और सुंदर बनाकर मां का स्वागत करना चाहता है. जब बात आती है घर को सजाने की तो हमारा ध्यान सबसे पहले मुख्य दरवाजे यानी कि एंट्रेंस पर ही जाता है. ऐसा इसलिए क्योंकि यही वह जगह होती है जहां से हमारे घर में सिर्फ मेहमान ही नहीं बल्कि पॉजिटिव एनर्जी भी घर के अंदर आती है. इसके अलावा जब आपके घर का मेन गेट देखने में सुंदर, सजा हुआ और पवित्र लगेगा, तो पहली नजर में ही सभी को नवरात्रि के त्योहार की खुशी और वाइब्स महसूस होने लगेंगी.
अगर आप भी इस नवरात्रि अपने घर के मेन एंट्रेंस को सुंदर और सजा हुआ बनाना चाहते हैं, तो इस काम में आज का यह आर्टिकल आपकी काफी मदद करने वाला है. आज हम आपके लिए कुछ बेहद ही आसान और स्मार्ट ट्रिक्स लेकर आए हैं, जिन्हें अपनाकर आप इस नवरात्रि अपने घर के मेन एंट्रेंस को बहुत ही स्पेशल बना सकते हैं. तो चलिए जानते हैं इन तरीकों के बारे में विस्तार से.
मेन गेट की सफाई और लाइटिंग का इंतजाम
जब आप घर के मेन गेट की सजावट करने जाएं तो सबसे पहले उसकी सफाई बहुत ही अच्छे से कर लें. वहां पर धूल, गंदगी और जालों को पूरी तरह से हटा दें और इसके बाद कपड़े से पोछकर दरवाजे को अच्छी तरह से चमका भी लें. जब सफाई अच्छे से हो जाती है तो इसके बाद बारी आती है लाइटिंग की. सही लाइटिंग से आप मेन गेट के लुक को पूरी तरह से बदल सकते हैं. इस जगह पर आपको हमेशा या तो वॉर्म लाइट्स या फिर पीली लाइट्स की छोटी सी लड़ी का इस्तेमाल करना चाहिए. शाम के समय जब आप इन लाइट्स को जलाएंगे, तो पूरा एंट्रेंस जगमगा सा उठेगा. इसके अलावा दरवाजे के दोनों ही तरफ मिट्टी के सुंदर दीये या फिर पीतल के दीयों में तेल डालकर जला लें. इन दीयों की रोशनी त्यौहार की रात में एक अलग ही शांति और खूबसूरती देती है.
ये भी पढ़ें: माता रानी के स्वागत के लिए ऐसे सजाएं घर का मंदिर, मिनटों में बदल जाएगा पूरा लुक
फ्रेश फूलों और आम के पत्तों का तोरण
हमारे यहां त्योहारों पर घर के मुख्य दरवाजे पर तोरण जरूर बांधा जाता है. अगर आप चाहें तो मां दुर्गा के स्वागत के लिए अपने एंट्रेंस को फ्रेश गेंदे के फूलों और आम या फिर अशोक के पत्तों का तोरण बनाकर भी सजा सकते हैं. गेंदे के ये पीले और ऑरेंज रंग के फूल सिर्फ देखने में सुंदर नहीं लगते हैं, बल्कि इनकी भीनी-भीनी सी खुशबू से पूरा घर भी महक उठता है. अगर आपके पास समय की कमी रह जाए तो ऐसे में आप बाजार से मोतियों, गोटे या फिर कपड़े से बने रंग-बिरंगे तोरण भी खरीदकर ला सकते हैं. फ्रेश फूलों की माला को दरवाजे के फ्रेम पर लपेट देने से एंट्रेंस की खूबसूरती तुरंत बढ़ जाती है.
रंगोली से बढ़ाएं दरवाजे की सुंदरता
अगर आप मेन गेट की खूबसूरती को एक अलग ही लेवल पर लेकर जाना चाहते हैं, तो ऐसे में उसके ठीक सामने या फिर चौखट के पास एक प्यारी सी रंगोली जरूर बनाएं. रंगोली को मां दुर्गा का स्वागत करने के लिए सबसे प्यारा तरीका माना जाता है. रंगोली बनाने के लिए आप नॉर्मल रंगों, फूलों की पंखुड़ियों या फिर चावल के आटे का काफी आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर आपके पास समय की कमी हो रही है, तो ऐसे में फूलों की पंखुड़ियों से बने सिंपल गोल या फिर स्वास्तिक के डिजाइन भी देखने में बहुत सुंदर लगते हैं. रंगोली के बीच में या साइड्स में छोटे-छोटे दीये सजाएं. जब शाम को ये दीये रंगोली पर चमकते हैं, तो मेन गेट का नजारा देखते ही बनता है.
दरवाजे पर करें शुभ चिन्हों का इस्तेमाल
नवरात्रि के पवित्र मौके पर अपने घर के मेन गेट पर शुभ चिन्हों का इस्तेमाल करना उसे देखने में और भी ज्यादा सुंदर बना देता है. इसके लिए दरवाजे के दोनों ही तरफ या फिर ऊपर की तरफ कुमकुम और हल्दी से स्वास्तिक और शुभ-लाभ जरूर लिख लें. इसके अलावा आप अगर चाहें तो फर्श पर मां दुर्गा के पैरों के निशान वाले छोटे स्टिकर्स या फिर पीतल के चरण भी लगा सकते हैं. ये शुभ चिन्ह ना सिर्फ दिखने में त्योहार का माहौल बनाते हैं, बल्कि घर में सुख, शांति और पॉजिटिविटी भी लेकर आते हैं.
ये भी पढ़ें: छोटा है घर का बरामदा तो इन आसान तरीकों से बनाएं खूबसूरत मिनी गार्डन, दिखेगा हरा-भरा और खुला-खुला
फूलों और पानी से भरा सुंदर उरली
जब बात कुछ ट्रेंडिंग करने की आती है तो फिलहाल मेन गेट पर उरली यानी कि पानी से भरा डेकोरेटिव बर्तन रखना काफी ट्रेंड में है. आप घर के मेन गेट के पास किसी एक कोने में पीतल, मिट्टी या फिर कांच का बड़ा और चौड़ा सा बर्तन बिना किसी टेंशन के रख सकते हैं. इस बर्तन में साफ पानी भरकर उसमें ऊपर से गेंदे, गुलाब और मोगरे की पंखुड़ियों को तैरा दें. इसके अलावा पानी के बीच में एक फ्लोटिंग कैंडल रखना भी लुक को और भी ज्यादा अट्रैक्टिव बना देता है. जब आप इसे घर के मुख्य दरवाजे पर रखते हैं, तो घर आने वाला हर एक मेहमान इसे देखकर आपकी तारीफ करने पर मजबूर हो जाएगा.
खुशबूदार माहौल और छोटी-छोटी काम की बातें
जब बात घर के मेन गेट को सजाने की आती है तो यह सिर्फ देखने में ही सुंदर नहीं होना चाहिए, बल्कि यहां से आने वाली महक भी बहुत खास होनी चाहिए. इसके लिए मेन गेट के पास एक अच्छी क्वालिटी की गुग्गुल, लोबान या फिर खुशबूदार अगरबत्ती जला लें. आप अगर चाहें तो एक रूम फ्रेशनर या फिर डिफ्यूजर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं जिससे हमेशा मोगरे की या फिर चंदन की खुशबू आती रहे. इसके साथ ही, दरवाजे पर एक नया और साफ-सुथरा डोरमैट भी जरूर बिछा लें.
ये भी पढ़ें: कैफे जाने की जरूरत नहीं, घर की बालकनी में ही बना लें खूबसूरत कॉफी कॉर्नर, कम खर्च में ऐसे बदलें पूरा लुक
The post मां दुर्गा के स्वागत के लिए ऐसे सजाएं मेन गेट, घर की खूबसूरती में लगेंगे चार चांद appeared first on Prabhat Khabar.

