
Birthday Gift Ideas for Girl Friend: गर्लफ्रेंड का बर्थडे सिर्फ कैलेंडर की एक आम तारीख नहीं होता, बल्कि यह एक बॉयफ्रेंड के लिए साल के सबसे बड़े मिशन जैसा होता है. हर लड़का अपनी गर्लफ्रेंड को गिफ्ट देने से पहले यही सोचता है कि इस बार उसे कुछ ऐसा दूं जिसे देखते ही उसकी आंखों में खुशी और चेहरे पर प्यारी सी मुस्कान आ जाए. लेकिन सच तो यह है कि जैसे ही गिफ्ट चुनने की बारी आती है, दिमाग की बत्ती ही गुल हो जाती है. गिफ्ट्स के बारे में सोचते सोचते दिमाग में सौ तरह के सवाल आने लगते हैं, जैसे उसे यह गिफ्ट पसंद आएगा या नहीं, कहीं यह उसे बोरिंग तो नहीं लगेगा या फिर उसकी पसंद की चीज आखिर मिलेगी कहां? अगर आपकी गर्लफ्रेंड का भी बर्थडे आ रहा है और आपको उसके लिए गिफ्ट चुनने में परेशानी हो रही है, तो अब इसकी टेंशन बिल्कुल छोड़ दीजिए. आज हम आपके लिए 5 ऐसे जबरदस्त और बजट फ्रेंडली गिफ्ट आइडियाज लेकर आए हैं जो सीधे आपकी गर्लफ्रेंड के दिल में अपनी जगह बना लेंगे.
पर्सनलाइज्ड और कस्टमाइज्ड गिफ्ट्स
पर्सनलाइज्ड गिफ्ट्स का मतलब होता है कोई ऐसा सामान जिस पर आपकी गर्लफ्रेंड का नाम, उसकी तस्वीर या फिर कोई स्पेशल डेट लिखी हो. सिंपल गिफ्ट्स के मुकाबले इस तरह के पर्सनलाइज्ड गिफ्ट्स लड़कियों के दिल के ज्यादा करीब होते हैं. ऐसा इसलिए भी होता है क्योंकि इनसे उन्हें आपके प्यार और मेहनत की झलक मिलती है. आप चाहें तो अपनी गर्लफ्रेंड के लिए एक सुंदर फोटो फ्रेम भी चुन सकते हैं, जिसमें आप दोनों की कोई यादों भरी तस्वीर लगी हो. इसके अलावा आप कस्टम एलईडी लैंप, नाम लिखा हुआ कप, कस्टमाइज्ड पेंडेंट या एक खास फोटो एल्बम तैयार करवा सकते हैं. जब वह इस गिफ्ट को देखेगी, तो उसे तुरंत एहसास होगा कि आपने इस सरप्राइज के लिए पहले से ही प्लानिंग की थी.
खूबसूरत ज्वेलरी या फैशन एक्सेसरीज
अगर आपकी गर्लफ्रेंड को तैयार होना और ज्वेलरी पहनना काफी पसंद है और आप उसे कुछ ऐसा देना चाहते हैं जिसे वह हमेशा अपने पास रख सके, तो ज्वेलरी एक बेहतरीन ऑप्शन है. इस तरह के गिफ्ट्स के लिए आपको बहुत ज्यादा पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है. आप उसके लिए एक सिंपल और एलिगेंट सिल्वर पेंडेंट, सुंदर ब्रेसलेट, ट्रेंडी ईयररिंग्स या कोई खूबसूरत घड़ी खरीद सकते हैं. इसके अलावा अगर उसे हैंडबैग, सनग्लासेज या ब्रांडेड पर्स का शौक है, तो वह भी एक बहुत ही काम आने वाला गिफ्ट साबित होगा. डेली यूज में आने वाली ये चीजें उसे हमेशा आपकी याद दिलाती रहेंगी.
स्किनकेयर और ब्यूटी केयर किट
आजकल हर लड़की अपनी स्किन और ग्रूमिंग का खास ख्याल रखती है. ऐसे में किसी अच्छे ब्रांड की स्किनकेयर या ब्यूटी किट देना एक बहुत ही समझदारी भरा फैसला हो सकता है. यह गिफ्ट दिखाता है कि आप उसकी पसंद और जरूरतों का कितना ख्याल रखते हैं. आप बाजार से कोई बनी बनाई ग्रूमिंग किट ले सकते हैं या फिर उसकी पसंद के प्रोडक्ट्स खुद चुनकर एक प्यारी सी टोकरी में सजा सकते हैं. इसमें बॉडी वॉश, फेस मास्क, मॉइश्चराइजर, बॉडी मिस्ट या उसकी फेवरेट लिपस्टिक शामिल कर सकते हैं. इसके अलावा उसकी पसंदीदा खुशबू वाला परफ्यूम भी एक क्लासिक और बेहतरीन बर्थ डे गिफ्ट है.
सरप्राइज डेट और हैंडरिटन लेटर
कभी कभी महंगी चीजें भी वो जादू नहीं कर पातीं जो आपके दिए गए वक्त और सच्चे इमोशंस से होता है. अगर आप अपनी गर्लफ्रेंड को कुछ अलग और दिल छू लेने वाला एक्सपीरियंस देना चाहते हैं, तो उसके लिए एक सरप्राइज डेट प्लान करें. आप उसे उसकी पसंदीदा कैफे या रेस्टोरेंट में ले जा सकते हैं, जहां शांति से बैठकर आप दोनों बातें कर सकें. इस डेट को और खास बनाने के लिए अपने हाथों से एक प्यारा सा लेटर लिखें. इसमें आप अपने दिल की बातें, उसके साथ बिताए खूबसूरत पल और उसकी अहमियत के बारे में लिख सकते हैं. यकीनन यह सरप्राइज उसके लिए दुनिया के सबसे महंगे गिफ्ट से भी ज्यादा कीमती होगा.
उसकी पसंदीदा बुक्स या कोई हॉबी से जुड़ा सामान
जब भी आप अपनी गर्लफ्रेंड के लिए गिफ्ट चुनें, तो हमेशा उसकी पसंद और शौक को ध्यान में रखें. हर लड़की की अपनी एक अलग पसंद और एक बिल्कुल अलग दुनिया होती है. अगर आपकी गर्लफ्रेंड को पढ़ना पसंद है, तो आप उसे उसके फेवरेट राइटर की किताबें या फिर कोई स्पेशल बुक सेट गिफ्ट कर सकते हैं. वहीं, अगर उसे म्यूजिक सुनना अच्छा लगता है, तो ऐसे में आप उसे ब्लूटूथ स्पीकर या फिर एक अच्छा वायरलेस इयरफोन भी दे सकते हैं. अगर उसे पेंटिंग, गार्डनिंग या डायरी लिखने का शौक है, तो आप उससे जुड़े सामान का एक प्यारा सा सेट बनाकर दे सकते हैं. जब आप उसकी पसंद से जुड़ा कोई गिफ्ट देते हैं, तो उसे खुशी होती है कि आप उसकी हॉबीज का सम्मान करते हैं.
The post गर्लफ्रेंड के लिए गिफ्ट चुनने में उड़ गया दिमाग का फ्यूज? ये 5 आइडियाज कर देंगे आपकी टेंशन दूर appeared first on Prabhat Khabar.


