भारतीय थाली में दाल सिर्फ स्वाद नहीं बढ़ाती, बल्कि शरीर को प्रोटीन, फाइबर, आयरन, फोलेट, मैग्नीशियम, पोटैशियम और दूसरे माइक्रोन्यूट्रिएंट्स भी देती है. लेकिन जब बाजार में मूंग, मसूर, अरहर, चना और उड़द जैसी कई वैरायटी मौजूद हैं, तो सवाल है कि आखिर उनमें से सबसे ज्यादा हेल्दी दाल कौनसी है.
दिल्ली स्थित ISIC मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. शुभम वत्स्य ने अलग-अलग दालों को उनकी पोषण संबंधी खूबियों और पाचन के लिहाज से 10 में से रेटिंग दी है. इस रेटिंग में मूंग दाल 9.5/10 के साथ शीर्ष पर है.
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि बाकी दालें बिल्कुल कम हेल्दी हैं. हर दाल से अलग-अलग पोषण मिलता है और कई बार किसी व्यक्ति के लिए सबसे अच्छी दाल उसकी सेहत, जरूरत और पाचन क्षमता पर भी निर्भर कर सकती है.

1. मूंग दाल- 9.5/10
इस लिस्ट में सबसे पहला नंबर मूंग दाल का है जिसे 10 में से 9.5 नंबर मिले हैं. डॉक्टर शुभम ने बताया कि मूंग दाल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह प्लांट प्रोटीन और फाइबर का अच्छा सोर्स है. इसके अलावा इसे दूसरी कई दालों की तुलना में अपेक्षाकृत हल्का माना जाता है और आमतौर पर पचाना भी आसान होता है. यही वजह है कि जिन्हें पाचन से जुड़ी परेशानी रहती है, उनके लिए मूंग दाल एक अच्छा विकल्प हो सकती है.
2. मसूर दाल- 9/10
डॉ. शुभम ने मूंग के बाद मसूर दाल को 9/10 की रेटिंग दी है. मसूर दाल में प्रोटीन और फाइबर के साथ आयरन, फोलेट और पोटैशियम जैसे जरूरी पोषक तत्व भी पाए जाते हैं. इसलिए इसे रोजाना की डाइट के लिए एक तरह का ऑल-राउंडर विकल्प माना जा सकता है. मसूर दाल को चावल, रोटी या सब्जियों के साथ आसानी से खाया जा सकता है. इसका एक फायदा यह भी है कि इसे अलग-अलग तरह के भोजन में शामिल करना आसान है. यानी अगर आपकी डाइट में प्रोटीन के साथ फाइबर और माइक्रोन्यूट्रिएंट्स भी शामिल करने हैं, तो मसूर दाल एक अच्छा विकल्प हो सकती है.
3. अरहर दाल- 8.5/10
भारतीय घरों में सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली दालों में अरहर दाल का नाम प्रमुख है. डॉक्टर की रेटिंग में इसे 8.5/10 नंबर मिले हैं. अरहर दाल में प्रोटीन और फाइबर के अलावा फोलेट और कई जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं. भारतीय खाने में इसे आमतौर पर चावल या रोटी के साथ खाया जाता है, इसलिए इसे रोजाना के भोजन में शामिल करना बेहद आसान है. यानी पोषण के साथ-साथ यह भारतीय खान-पान की आदतों के साथ भी अच्छी तरह फिट बैठती है. अगर आपको अरहर दाल पसंद है और यह आपके पाचन के लिए ठीक रहती है, तो इसे नियमित डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है.
4. चना दाल- 8.5/10
चना दाल को भी अरहर के बराबर 8.5/10 की रेटिंग मिली है क्योंकि इससे फाइबर, प्रोटीन, आयरन और फोलेट भी मिलते हैं. लेकिन कुछ लोगों को ज्यादा मात्रा में चना दाल खाने के बाद गैस, पेट फूलने या ब्लोटिंग की समस्या हो सकती है. ऐसे लोगों को दाल की मात्रा कम करके या अपनी पाचन क्षमता के अनुसार इसे डाइट में शामिल करना चाहिए.
5. राजमा- 7.5/10
इस लिस्ट में राजमा को 7.5/10 नंबर मिले हैं. हालांकि, यहां एक दिलचस्प बात है- राजमा तकनीकी तौर पर दाल नहीं, बल्कि फलीदार अनाज की कैटेगरी में आता है. फिर भी भारतीय भोजन में इसकी लोकप्रियता और पोषण संबंधी खूबियों को देखते हुए डॉक्टर ने इसे इस लिस्ट में शामिल किया है. डॉक्टर शुभम के मुताबिक, राजमा प्रोटीन और फाइबर का अच्छा स्रोत है. इसमें आयरन और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं. लेकिन राजमा खाने के बाद कई लोगों को गैस और ब्लोटिंग की शिकायत हो सकती है. इसलिए राजमा को अच्छी तरह पकाकर और अपनी पाचन क्षमता के अनुसार खाना बेहतर तरीका है.
6. उड़द दाल- 7/10
इस लिस्ट में उड़द दाल को 7/10 अंक मिले हैं. उड़द दाल में प्रोटीन, फाइबर, आयरन और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं. हालांकि, इसे कुछ लोगों के लिए दूसरी दालों की तुलना में थोड़ा भारी माना जाता है. जिन लोगों का पाचन थोड़ा कमजोर है, उन्हें इसे खाने के बाद गैस या ब्लोटिंग की शिकायत हो सकती है.

तो क्या सिर्फ नंबर-1 दाल ही खानी चाहिए? बिल्कुल नहीं. हर दाल में पोषक तत्वों का संयोजन अलग होता है. साथ ही आपकी उम्र, शरीर की जरूरत, कुल डाइट और पाचन क्षमता भी मायने रखती है. इसलिए रोजाना सिर्फ एक ही दाल खाने के बजाय मूंग, मसूर, अरहर, चना और उड़द जैसी अलग-अलग दालों को रोटेट करके खाना ज्यादा बेहतर तरीका हो सकता है.
यह भी पढ़ें: प्लास्टिक के डिब्बे में गर्म खाना रखने से हो सकता है कैंसर, भूल कर भी न रखें ये 4 चीजें
The post कौन-सी दाल सबसे ज्यादा हेल्दी? डॉक्टर की रेटिंग में मूंग दाल नंबर-1, जानिए किस दाल को मिले कितने नंबर appeared first on Prabhat Khabar.


