
Mini Masala Idli Recipe: सुबह के नाश्ते में कुछ ऐसा मिल जाए जो स्वादिष्ट भी हो, हल्का भी हो और बनाने में ज्यादा समय भी न लगे, तो दिन की शुरुआत बेहद शानदार हो जाती है. इडली लंबे समय से हर किसी का पसंदीदा साउथ इंडियन ब्रेकफास्ट रही है. यह पेट के लिए बहुत हल्की होती है और आसानी से पच भी जाती है, लेकिन अच्छे तरीके से इडली बनाना बहुत से लोगों को बड़ा मुश्किल काम लगता है. दाल और चावल को घंटों भिगोना, फिर उन्हें पीसना और बैटर के फूलने का इंतजार करना, इन सब में बहुत समय लगता है. यही वजह है कि कई लोग चाहकर भी इसे सुबह के नाश्ते में नहीं बना पाते. अगर आप भी कम मेहनत में एकदम सॉफ्ट और टेस्टी इडली बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी सिर्फ आपके लिए है.
सूजी-दही का इंस्टेंट बैटर
इस आसान रेसिपी को बनाने के लिए आपको घंटों इंतजार करने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं पड़ेगी.
- बैटर बनाने का तरीका: एक बड़े बर्तन में सूजी लें और उसमें बराबर मात्रा में दही मिला दें. अब इसमें स्वादानुसार नमक डालें और थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर एक बढ़िया सा घोल तैयार कर लें. ध्यान रखें कि यह घोल न तो बहुत ज्यादा पतला होना चाहिए और न ही बहुत गाढ़ा.
- सूजी को थोड़ा आराम दें: बैटर को तैयार करने के बाद इसे ढककर थोड़ी देर के लिए रख दें. इससे सूजी पानी और दही को अच्छे से सोख लेती है, जिससे सूजी अच्छी तरह फूल जाती है और इडलियां अंदर से एकदम सॉफ्ट बनती हैं.
सॉफ्ट और स्पंजी इडली बनाने के आसान टिप्स
अगर आपके पास इडली स्टैंड नहीं है, तो भी आप घर की साधारण चीजों से इसे आसानी से बना सकते हैं.
- ईनो का इस्तेमाल: सूजी जब अच्छी तरह फूल जाए तो बैटर में थोड़ा सा तेल डालें, जिससे इडली अंदर से सूखी नहीं लगेगी. इसके बाद इसमें थोड़ा सा ईनो डालकर हल्के हाथों से मिला लें. ईनो डालते ही बैटर में जो बुलबुले बनते हैं, वही इडली को स्पंजी बनाते हैं.
- छलनी का देसी जुगाड़: एक गहरी कढ़ाई में पानी डालकर उबालें. अब उसके ऊपर छेद वाली स्टील की साधारण छलनी रख दें और उस पर हल्का सा तेल लगा लें ताकि इडली चिपके नहीं. अब छोटी चम्मच से बैटर को थोड़ी-थोड़ी दूरी पर छलनी पर रखते जाएं और ढककर कुछ मिनट तक भाप में पकने दें.
मिनी इडली के लिए परफेक्ट मसाला ट्विस्ट
भाप में पकी हुई इन छोटी और क्यूट इडलियों को और भी ज्यादा मजेदार बनाने के लिए एक सिंपल तड़का लगाएं.

- तड़का तैयार करें: एक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें. इसमें राई, जीरा, कढ़ी पत्ता और लंबी कटी हुई हरी मिर्च डालकर अच्छे से चटका लें. इसके बाद इसमें थोड़ी सी हल्दी और लाल मिर्च पाउडर मिलाएं.
- इडली को मिक्स करें: मसाला तैयार होते ही इन छोटी इडलियों को पैन में डाल दें और हल्के हाथों से मिला लें. थोड़ी देर चलाने के बाद जब मसाला इडली पर अच्छी तरह चढ़ जाए, तो गैस बंद कर दें. आपकी गरमागरम और चटपटी मिनी मसाला इडली सर्व करने के लिए तैयार है.
यह भी पढ़ें: एक बार खाएंगे तो बार-बार बनाएंगे, जानिए दही कबाब बनाने की आसान रेसिपी
The post रोज सुबह एक ही नाश्ता खाकर हो गए हैं बोर? तो ट्राई करें यह चटपटी मिनी मसाला इडली appeared first on Prabhat Khabar.
