हम में से ज्यादातर लोग टूथब्रश को बाथरूम में ही रखते हैं. कई घरों में तो इसे सिंक के बिल्कुल पास या टॉयलेट के ठीक आसपास रखने की आदत होती है. जगह की कमी या सुविधा के कारण कई लोगों को ऐसा करना सामान्य लग सकता है लेकिन टूथब्रश सीधे हमारे मुंह के संपर्क में आता है इसलिए उसकी हाइजीन का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. गलत तरीके से रखा गया टूथब्रश बाहरी गंदगी और कंटैमिनेशन के संपर्क में आकर हमें बीमार कर सकता है.
इन्हीं सवालों को लेकर प्रभात खबर डिजिटल ने जमशेदपुर की डेंटिस्ट Dr. Madhulika Singhdeo से बातचीत की. इस दौरान डेंटिस्ट ने टूथब्रश को टॉयलेट या वॉशरूम के आसपास रखने से बचने की सलाह दी.

Dr Madhulika के मुताबिक, टूथब्रश को रखने के लिए ऐसी जगह चुनें जो साफ और सूखी हो और टॉयलेट से पर्याप्त दूरी पर हो. संभव हो तो इसे किसी क्लोज्ड कैबिनेट में भी रखा जा सकता है, ताकि वह बाहरी कंटैमिनेशन से बचा रहे. हालांकि, टूथब्रश को रखने से पहले उसे इस्तेमाल के बाद अच्छी तरह धोना और सुखाना भी जरूरी है.
एक ही होल्डर में ब्रश को सटाकर न रखें
Dr Madhulika Singhdeo ने बताया कि अगर परिवार में कई लोगों के टूथब्रश हैं, तो उन्हें एक ही होल्डर में इस तरह रखने से बचना चाहिए कि ब्रिसल्स एक-दूसरे को छूते रहें. डेंटिस्ट के अनुसार, हर व्यक्ति का टूथब्रश अलग रखना बेहतर है. खासतौर पर ब्रिसल्स को दूसरे टूथब्रश के संपर्क में नहीं आने देना चाहिए.
टूथब्रश कैप का कर सकते हैं इस्तेमाल
टूथब्रश को बाहरी गंदगी और संपर्क से बचाने के लिए टूथब्रश कैप का इस्तेमाल किया जा सकता है. हालांकि, कैप लगाने से पहले टूथब्रश को अच्छी तरह धोकर सुखाना जरूरी है. गीले टूथब्रश को लंबे समय तक बंद करके रखने से उसके अंदर नमी बनी रह सकती है.
हर 3 महीने में बदलें टूथब्रश
टूथब्रश को लंबे समय तक इस्तेमाल करना भी सही नहीं है. डेंटिस्ट मधुलिका के मुताबिक, आमतौर पर हर 3 महीने में टूथब्रश बदल देना चाहिए. समय के साथ इसके ब्रिसल्स में wear and tear होने लगता है, जिससे वह पहले की तरह प्रभावी नहीं रह सकते. उन्होंने रोजाना इस्तेमाल के लिए soft-bristle toothbrush इस्तेमाल करने की सलाह दी.
यह भी पढ़ें: टॉयलेट सीट से अधिक गंदा हो सकता है बर्तन साफ करने वाला Sponge! Dr. ने बताया साफ रखने का तरीका
