Leftover Dal Recipes: अक्सर ऐसा होता है कि दोपहर या फिर रात के खाने के बाद कटोरी में थोड़ी-बहुत दाल बची रह जाती है. इस बची हुई दाल को हम फ्रिज में रख देते हैं यह सोचकर कि बाद में इसे दोबारा गर्म करके खा लेंगे, या फिर कई बार तो हम इसे बेकार समझकर सिंक में बहा भी देते हैं. अगर आपके घर में भी आए दिन बची हुई दाल फेंकने की नौबत आ जाती है, तो अब आपको टेंशन लेने की जरूरत बिल्कुल भी नहीं है. आज हम आपको बताने वाले हैं कि किस तरह से आप इस बची हुई दाल से 5 बेहद ही टेस्टी, चटपटे और बिल्कुल ही नए डिशेज तैयार कर सकते हैं. दाल में बहुत सारा प्रोटीन और न्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं, इसलिए इसे थोड़े से नए अंदाज में रीसाइकल करना आपकी सेहत और स्वाद दोनों के लिए एक स्मार्ट फैसला है. आइए जानते हैं ऐसे ही 5 आसान और झटपट तरीके, जिनसे आप बची हुई दाल से मिनटों में लाजवाब नई डिश तैयार कर सकते हैं.

दाल के भरवां या मिसी पराठे
बची हुई दाल का इस्तेमाल करने का सबसे आसान और मशहूर तरीका है उसके पराठे बनाना. अगर आपके पास अरहर, मूंग या चने की दाल बची है, तो इसके पराठे बहुत ही टेस्टी बनते हैं. इसे बनाने का तरीका बहुत ही आसान है. इसे बनाने के लिए आटा गूंथते समय पानी की जगह उसमें बची हुई दाल डाल लें. इसके साथ ही बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, थोड़ी सी अजवाइन, हरा धनिया और स्वादानुसार नमक मिलाएं. अब इस आटे को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि यह सॉफ्ट हो जाए, फिर इसके गरम-गरम पराठे सेक लें. अगर आप चाहें तो दाल को कढ़ाई में सुखाकर, आलू की स्टफिंग की तरह पराठे के अंदर भरकर भी बना सकते हैं. इसे दही या हरी चटनी के साथ खाएं. इन पराठों का स्वाद सिर्फ बड़ों को ही नहीं, बल्कि बच्चों को भी बहुत ही ज्यादा पसंद आएगा.
ये भी पढ़ें: घर में रखी है सूजी? उपमा-हलवा छोड़ मिनटों में बनाएं ये 5 यूनिक नाश्ते, नोट कर लें आसान रेसिपी
शाम की चाय के साथ दाल-चावल की टिक्की या कटलेट
अगर आपको शाम की चाय के साथ कुछ क्रिस्पी और चटपटा खाना चाहते हैं, तो दोपहर की इस बची हुई दाल और चावल को साथ में मिलाकर आप एक बहुत ही जबरदस्त और टेस्टी टिक्की तैयार कर सकते हैं. इसे बनाना भी आपके लिए काफी आसान होने वाला है. अगर दाल के साथ थोड़े से चावल भी बचे हैं, तो दोनों को एक बड़े बर्तन में हाथ से अच्छे से मैश कर लें. अब इसमें एक उबला हुआ आलू, थोड़ा सा बेसन या ब्रेड क्रम्ब्स यानी कि ब्रेड का चूरा, लाल मिर्च पाउडर, अमचूर और गरम मसाला मिलाएं. इस मिक्सचर से छोटी-छोटी टिक्कियां बना लें और तवे पर थोड़ा सा तेल डालकर कम आंच पर सेक लें. यह कटलेट ऊपर से एकदम क्रिस्पी और अंदर से बेहद सॉफ्ट बनते हैं.
ट्राय करें गुजरात की फेमस मसालेदार दाल ढोकली
दाल ढोकली गुजरात की एक बहुत ही फेमस और स्वादिष्ट डिश है, जिसे बनाना बहुत आसान है. अगर आपके पास थोड़ी पतली दाल बची है, तो यह रेसिपी उसके लिए एकदम परफेक्ट है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले गेहूं के आटे में थोड़ा सा बेसन, हल्दी, मिर्च और नमक मिलाकर थोड़ा सख्त आटा गूंथ लें. अब इसकी पतली रोटी बेलकर छोटे-छोटे चौकोर टुकड़ों में काट लें. बची हुई दाल में थोड़ा पानी मिलाकर उसे गैस पर उबलने के लिए रख दें. जब दाल उबलने लगे, तो उसमें आटे के कटे हुए टुकड़े यानी कि ढोकली डाल दें. अब इसे हल्की आंच पर 10 से 12 मिनट तक पकने दें. लास्ट में एक अलग पैन में राई, कढ़ी पत्ता और सूखी लाल मिर्च का तड़का बनाकर दाल में डालें और ऊपर से नींबू निचोड़कर गर्मागर्म खाएं.
ये भी पढ़ें: इस दुर्गा पूजा घर पर बनाएं बंगाल की ये 5 मशहूर मिठाइयां, स्वाद ऐसा कि बार-बार बनाने का करेगा मन

कम तेल का खाना है तो क्रिस्पी दाल अप्पे या चीला
अगर आप हल्का और कम तेल वाला नाश्ता पसंद करते हैं, तो बची हुई दाल से झटपट अप्पे या चीला बना सकते हैं. यह बच्चों के स्कूल टिफिन के लिए भी एक बहुत अच्छा ऑप्शन है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले बची हुई दाल को मिक्सी में डालकर थोड़ा गाढ़ा पीस लें. अब इसमें थोड़ी सी सूजी या चावल का आटा मिलाएं ताकि बैटर थोड़ा गाढ़ा और सेट हो जाए. इसमें अपनी पसंद की बारीक कटी सब्जियां जैसे शिमला मिर्च, गाजर और टमाटर डाल दें. चीला बनाने के लिए तवे पर इस बैटर को फैलाकर दोनों तरफ से हल्का तेल लगाकर सेक लें. अगर आपके पास अप्पे स्टैंड है, तो बैटर में एक चुटकी इनो मिलाएं और अप्पे के सांचे में थोड़ा सा तेल लगाकर क्रिस्पी अप्पे तैयार कर लें.
शाम के समय ट्राय करें दाल वेज सूप
ठंड के मौसम में या शाम के समय अगर कुछ गरम और हल्का पीने का मन करे, तो बची हुई दाल से बहुत ही हेल्दी वेज सूप बनाया जा सकता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कढ़ाई में थोड़ा सा बटर या फिर तेल गर्म कर लें. इसके बाद इसमें बारीक कटा लहसुन, अदरक और अपनी पसंद की सब्जियां जैसे कि गाजर, बीन्स, स्वीट कॉर्न डालकर हल्का सा भून लें. अब इसमें बची हुई दाल और थोड़ा पानी मिलाकर अच्छे से उबलने दें. इसके बाद अपने स्वाद के अनुसार काली मिर्च पाउडर, थोड़ा सा विनेगर या नींबू का रस और नमक मिलाएं. अगर आपको सूप थोड़ा गाढ़ा पसंद है, तो एक चम्मच कॉर्नफ्लोर को थोड़े से पानी में घोलकर सूप में मिला दें.
ये भी पढ़ें: साबूदाने की खिचड़ी और वड़े से ऊब चुका है मन? इस नवरात्रि घर पर बनाएं ये 5 टेस्टी व्रत वाली रेसिपीज
The post कटोरी में बची दाल को फेंकने की जरूरत नहीं, इन 5 रेसिपीज से बनाएं नाश्ते से लेकर डिनर तक का इंतजाम appeared first on Prabhat Khabar.
