Toran Making Ideas: त्योहारों में घर को सजाने की शुरुआत अक्सर मुख्य द्वार से होती है. दरवाजे पर खूबसूरत तोरण लगाने से घर की सजावट और भी अच्छी लगती है. पटना की रहने वाली नेहा ने नवरात्रि और दिवाली के लिए घर पर तोरण बनाने के 5 आसान तरीके बताए हैं. इन तरीकों से आप बाजार से प्लास्टिक की तोरण खरीदने के बजाय घर में मौजूद या आसानी से मिलने वाली चीजों से सजावट कर सकते हैं.
आम के पत्तों और गेंदे के फूलों से बनाएं पारंपरिक तोरण

इस तोरण के लिए 15 से 20 धुले हुए आम के पत्ते, गेंदे के फूल और सूत का धागा या कलावा चाहिए. सबसे पहले आम के पत्तों को ऊपरी हिस्से से हल्का मोड़कर सुई-धागे में पिरोएं. दो पत्तों के बीच एक-एक गेंदे का फूल लगाएं. इसी तरह पूरी लंबाई की तोरण तैयार की जा सकती है.
अशोक के पत्तों और गुलाब से सजाएं दरवाजा

इस डिजाइन के लिए अशोक के लंबे हरे पत्ते, ताजे लाल गुलाब और सुई-धागे की जरूरत होगी. अशोक के पत्तों को कोन के आकार में मोड़ें और उनके नीचे लाल गुलाब का फूल लगाएं. इसके बाद सभी पत्तों और फूलों को बराबर दूरी पर धागे में पिरो दें. हरे पत्तों और लाल फूलों का यह कॉम्बिनेशन मुख्य द्वार को खूबसूरत लुक देगा.
गोटा-पत्ती और शीशे से बनाएं तोरण
अगर आप दरवाजे की सजावट को थोड़ा रॉयल लुक देना चाहते हैं, तो गोटा-पत्ती और शीशे वाली तोरण बना सकते हैं. इसके लिए चौड़ी सुनहरी गोटा पट्टी, गेंदे के फूल, छोटे गोल शीशे और गोंद लें. दरवाजे की चौखट के हिसाब से गोटा पट्टी की लंबाई तय करें और उस पर छोटे शीशे चिपका दें. इसके बाद नीचे की ओर गेंदे के फूलों की लटकन सुई-धागे की मदद से लगा दें.
कपड़े, कौड़ी और मोतियों से तैयार करें
विंटेज तोरण इस तोरण को बनाने के लिए अलग-अलग रंग के सूती कपड़े, सफेद कौड़ियां, रंगीन मोती और एक मुख्य पट्टी की जरूरत होगी. कपड़े को छोटे-छोटे तिकोने टुकड़ों में काटें और उनके किनारों पर गोटा लगाएं. अब हर टुकड़े के नीचे 2 से 3 कौड़ियां और कुछ मोती लगाकर इन्हें मुख्य पट्टी पर सिल दें. कपड़े से बनी इस तोरण को धोकर लंबे समय तक दोबारा इस्तेमाल किया जा सकता है.
कलावे और शुभ-लाभ से बनाएं तोरण
इस आसान डिजाइन के लिए लाल-पीला कलावा, कार्डबोर्ड के कटआउट, गोटा और शुभ-लाभ के स्टिकर चाहिए. कार्डबोर्ड को स्वास्तिक या पान के पत्ते के आकार में काट लें. इसके ऊपर कलावा लपेटें और बीच में शुभ-लाभ का स्टिकर चिपका दें. अब इन कटआउट्स को डोरी में पिरो दें. इस तरह कम समय और कम सामान में तोरण तैयार हो जाएगी.
यह भी पढ़ें: व्रत में चाय-कॉफी पी सकते हैं या नहीं? जानिए इस पर क्या कहते हैं एक्सपर्ट
The post बाजार से महंगी तोरण खरीदने की जरूरत नहीं, घर पर बनाएं ये 5 खूबसूरत डिजाइन appeared first on Prabhat Khabar.


