
दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 226 रनों का टारगेट चेज करके इतिहास रच दिया है. यह इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली का सबसे बड़ा सफल रन चेज है. केएल राहुल और पथुम निसांका की अर्धशतकीय पारियों ने दिल्ली को यह मुकाम हासिल करने में मदद की. IPL 2026 में मिचेल स्टार्क पहली बार खेलने उतरे थे, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए. दिल्ली की जीत में आशुतोष शर्मा और नीतीश राणा ने भी छोटी पारियां खेलकर बड़ा योगदान दिया.
दिल्ली का सबसे बड़ा रन चेज
दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हराया. राजस्थान रॉयल्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225 रन बनाए थे. केएल राहुल और पथुम निसांका ने इस ऐतिहासिक रन चेज की नींव रखी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 57 गेंदों में 110 रन जोड़े. निसांका ने 33 गेंद में 62 रन बनाए, वहीं राहुल ने 40 गेंद खेलकर 75 रनों की पारी खेली.
यह आईपीएल के इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स का सबसे बड़ा रन चेज है. इससे पहले उसका सबसे बड़ा रन चेज 210 रनों का था, जो उसने आईपीएल 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ हासिल किया था.

- 226 रन – दिल्ली कैपिटल्स (बनाम RR)
- 210 रन – दिल्ली कैपिटल्स (बनाम LSG)
केएल राहुल ने रचा इतिहास
केएल राहुल ने इस मुकाबले में 40 गेंदों में 75 रन बनाए. इसी के साथ उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 50+ स्कोर करने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है. यह IPL में कुल आठवीं बार है जब राहुल ने राजस्थान के खिलाफ 50 या उससे अधिक स्कोर बनाया है. उनसे पहले एबी डिविलियर्स भी आठ बार ऐसा कर चुके हैं. शिखर धवन और विराट कोहली अपने करियर में सात-सात बार राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 50 या उससे अधिक स्कोर कर चुके हैं.
दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह जीत बहुत महत्वपूर्ण रही, क्योंकि अब 9 मैचों में चार जीत के बाद वह अंक तालिका में छठे स्थान पर आ गई है. दिल्ली की यह जीत लगातार 3 हार के बाद आई है. वहीं राजस्थान अभी चौथे स्थान पर है, जिसके अभी 12 अंक हैं.
यह भी पढ़ें:
Watch: 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को आउट करके गुर्राया गेंदबाज, सेलिब्रेशन का वीडियो हुआ वायरल
