‘क्रिकेट के भगवान’ सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर चर्चा में बने रहते हैं. आईपीएल 2026 के बीच वह एक दूसरी लीग खेलने को लेकर खबरों में हैं. हालांकि, आईपीएल में वह लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का हिस्सा हैं, लेकिन लखनऊ ने इस सीजन अब तक उन्हें खेलने का मौका नहीं दिया है. इस बीच बीसीसीआई ने अर्जुन तेंदुलकर को टी20 मुंबई लीग के चौथे सीजन से पहले होने वाली नीलामी में शामिल होने के लिए पात्र घोषित कर दिया है.
बता दें कि अर्जुन तेंदुलकर पहले मुंबई के लिए ही घरेलू क्रिकेट खेलते थे, लेकिन अब वह गोवा का रुख कर चुके हैं. अर्जुन अब गोवा की टीम से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने अर्जुन तेंदुलकर को टी20 मुंबई लीग में हिस्सा लेने की इजाजत दे दी है, क्योंकि पिछले 12 महीनों में उन्होंने किसी दूसरे राज्य की लीग में हिस्सा नहीं लिया है.
पुरुष और महिला दोनों ही वर्गों की प्रतियोगिताओं के लिए नीलामी दो मई को आयोजित की जाएगी जबकि टूर्नामेंट जून के पहले पखवाड़े में खेला जाएगा. टी20 टूर्नामेंट आयोजित करने वाले राज्य संघों के लिए बीसीसीआई के दिशानिर्देशों के अनुसार, खिलाड़ियों का ध्यान केंद्रित रखने और उन पर अत्यधिक शारीरिक दबाव पड़ने से रोकने के लिए प्रत्येक खिलाड़ी को 12 महीने की अवधि के दौरान (इंडियन प्रीमियर लीग को छोड़कर) केवल एक ही आधिकारिक रूप से मान्यता प्राप्त क्रिकेट लीग में भाग लेने की अनुमति होती है. यह 12 महीने की अवधि उस टूर्नामेंट के समापन से शुरू होती है, जिसमें खिलाड़ी ने आखिरी बार हिस्सा लिया था.
दिशानिर्देशों में आगे कहा गया है, उदाहरण के लिए यदि कोई खिलाड़ी किसी राज्य संघ द्वारा आयोजित टी20 टूर्नामेंट में भाग लेता है जो 31 अगस्त 2024 को समाप्त होता है तो उसे एक सितंबर 2025 तक किसी अन्य राज्य संघ द्वारा आयोजित किसी भी अन्य टी20 टूर्नामेंट में भाग लेने की अनुमति नहीं होगी.
तेंदुलकर ने पिछले 12 महीनों के दौरान किसी भी राज्य संघ द्वारा आयोजित किसी भी टी20 लीग में हिस्सा नहीं लिया है. तेंदुलकर आईपीएल में लखनऊ सुपर जाइंट्स टीम का हिस्सा हैं जबकि वह रणजी ट्रॉफी में गोवा टीम का हिस्सा थे.


