चेन्नई सुपर किंग्स ने दूसरे राउंड में भी मुंबई इंडियंस को आसानी से हरा दिया. शनिवार को चेपॉक में हुए मुकाबले में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए थे. हार्दिक पांड्या फिनिशर की भूमिका में पूरी तरह फेल हुए, उन्होंने 23 गेंदों में 78 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 18 ही रन बनाए. पांड्या गेंद को अच्छे से कनेक्ट भी नहीं कर पा रहे थे. मैच के बाद पांड्या ने कहा कि CSK हर क्षेत्र में उनसे बेहतर रही.
मुंबई इंडियंस की हार के बाद प्रेजेंटर ने जब उनसे कहा कि, ‘आज आपका दिन अच्छा नहीं रहा?’ तो हार्दिक पांड्या ने कहा, “मुझे लगता है कि पूरा सीजन ही हमारे लिए अच्छा नहीं रहा.” पांड्या ने चेन्नई सुपर किंग्स की तारीफ करते हुए कहा, “उन्होंने बेहतर क्रिकेट खेला. उनकी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग, सब अच्छा था.”
मुंबई इंडियंस के 11 ओवरों में 100 रन हो गए थे, उम्मीद थी कि टीम यहां से 100 रन और जोड़ सकती है लेकिन अंत में मुंबई इंडियंस रन नहीं बना पाई. हार्दिक पांड्या खुद संघर्ष करते हुए नजर आए, उन्होंने 23 गेंदों में सिर्फ 18 रन बनाए. पांड्या ने कहा, “एक समय तो हम 180-190 रन बनाने की ओर बढ़ रहे थे. 10 ओवर के बाद हम लय नहीं बना पाए, न ही पारी का अंत कर पाए.”
यह भी पढ़ें- MI की एक और शर्मनाक हार, अब प्लेऑफ से बाहर! चेपॉक में CSK ने 8 विकेट से धो डाला
पांड्या ने आगे कहा, “पारी की शुरुआत में शॉट खेलना आसान नहीं होता. बात सोच-समझकर पारी खेलने की थी, जो CSK ने अच्छे से किया. बल्लेबाज गेंद पर हावी नहीं हो पाए, उनकी गेंदबाजी बेहतर थी. उन्हें आउट करने के लिए हमें तेज गेंदें फेंकनी पड़तीं. हमने अपने गेंदबाजी विकल्पों को आजमाया, उन्होंने समझदारी से क्रिकेट खेला और बेहतर साबित हुए.”
यह भी पढ़ें- क्यों 18 करोड़ के मथीशा पथिराना को नहीं खिला रही कोलकाता नाइट राइडर्स, कोच बोले फिट है लेकिन…
अंक तालिका में कहां MI
मुंबई इंडियंस अब बचे हुए 5 मैच जीत भी जाए तो अधिकतम 14 अंकों तक ही पहुंच पाएगी. हालांकि इतिहास 14 पॉइंट वाली टीम भी प्लेऑफ में पहुंच चुकी है, लेकिन इस बार ऐसा समीकरण बनना बहुत मुश्किल है. मुंबई को प्लेऑफ की रेस से बाहर माना जा रहा है.


