
रक्षाबंधन भाई-बहन के प्यार और विश्वास का त्योहार है. इस दिन बहन भाई की कलाई पर राखी बांधती है और भाई उसे गिफ्ट देकर हमेशा साथ निभाने का वादा करता है. इस साल रक्षाबंधन 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा. ऐसे में अगर आप भी अपनी बहन के लिए कोई खास तोहफा खरीदने की सोच रहे हैं, तो गिफ्ट चुनते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है.
हमारे यहां कई चीजों को लेकर अलग-अलग धार्मिक और वास्तु मान्यताएं हैं. इन्हीं मान्यताओं के मुताबिक कुछ चीजों को उपहार में देना अच्छा नहीं माना जाता. हालांकि, ये बातें धार्मिक मान्यताओं पर आधारित हैं, इनका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. आइए जानते हैं ऐसी कौन-सी चीजें हैं, जिन्हें राखी पर बहन को गिफ्ट करने से लोग बचते हैं.
जूते-चप्पल या बेल्ट
जूते-चप्पल और बेल्ट जैसी चीजों को गिफ्ट करने से कुछ मान्यताओं के मुताबिक बचना चाहिए. माना जाता है कि इससे रिश्ते में दूरी आ सकती है और आपसी प्यार कम हो सकता है.
घड़ी
घड़ी को समय का प्रतीक माना जाता है. कुछ वास्तु मान्यताओं में इसे गिफ्ट करना शुभ नहीं माना जाता. ऐसा कहा जाता है कि इससे रिश्ते में अच्छा समय या सकारात्मकता प्रभावित हो सकती है.

रुमाल
रुमाल को आमतौर पर आंसू और उदासी से जोड़कर देखा जाता है. इसी वजह से कुछ लोग इसे गिफ्ट के लिए सही नहीं मानते और खास मौकों पर इसे देने से बचते हैं.
परफ्यूम या इत्र
परफ्यूम और इत्र की खुशबू कुछ समय बाद खत्म हो जाती है. इसी वजह से कुछ मान्यताओं में इसे रिश्तों में दूरी या भावनाओं के कमजोर पड़ने से जोड़कर देखा जाता है.
कांच की चीजें
कांच आसानी से टूट सकता है. इसलिए कांच के सामान को रिश्ते में दरार का प्रतीक माना जाता है. राखी पर बहन को गिफ्ट देते समय कुछ लोग ऐसी चीजें देने से बचते हैं.
खाली पर्स
अगर बहन को पर्स या वॉलेट गिफ्ट कर रहे हैं, तो उसे खाली न दें. मान्यता के अनुसार खाली पर्स आर्थिक कमी का प्रतीक माना जाता है. इसलिए उसमें शगुन के तौर पर एक सिक्का या कुछ रुपये जरूर रख सकते हैं.
काले रंग की चीजें
कुछ धार्मिक और वास्तु मान्यताओं में काले रंग को नकारात्मकता से जोड़कर देखा जाता है. इसलिए राखी पर बहन को काले कपड़े या काले रंग की कोई चीज गिफ्ट करने से बचने की सलाह दी जाती है.
नोट: ऊपर बताई गई बातें धार्मिक और वास्तु मान्यताओं पर आधारित हैं. इन्हें वैज्ञानिक तथ्य नहीं माना जाना चाहिए. गिफ्ट का असली महत्व उससे जुड़ी भावना और भाई-बहन के प्यार में होता है.
यह भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर घर को दें फेस्टिव लुक, इन आसान डेकोरेशन आइडियाज से सजाएं हर कोना
The post रक्षाबंधन पर बहन को क्या गिफ्ट न दें? वास्तु के अनुसार इन चीजों को माना जाता है अशुभ appeared first on Prabhat Khabar.

