
How To Make Puffy Poori: गरमा-गरम पूड़ी अगर तेल में डालते ही फूलकर गोल हो जाए तो खाने का मजा ही अलग होता है. लेकिन कई बार घर पर पूड़ी बेलने के बाद भी वह फूलती नहीं है या फिर बहुत ज्यादा तेल पी जाती है. इसकी एक बड़ी वजह आटा सही तरीके से तैयार न होना भी हो सकती है. अगर आप भी हल्की, फूली और कुरकुरी पूड़ी बनाना चाहती हैं, तो आटा गूंथते समय कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें.
पूड़ी का आटा गूंथते समय डालें थोड़ा तेल
पूड़ी का आटा रोटी के आटे से थोड़ा सख्त होना चाहिए. आटा गूंथते समय पानी एक साथ डालने के बजाय थोड़ा-थोड़ा करके डालें. जब आटा अच्छी तरह गूंथ जाए, तो इसमें एक चम्मच तेल डालकर दोबारा अच्छी तरह गूंथ लें. इससे आटा चिकना हो जाता है और पूड़ी बेलने में आसानी होती है.
आटा तैयार होने के बाद इसे करीब 5 से 10 मिनट के लिए ढककर रख दें. बहुत ज्यादा देर तक आटा रखने की जरूरत नहीं होती.
पूड़ी बेलते समय न करें ये गलती
पूड़ी न तो बहुत पतली होनी चाहिए और न ही बहुत मोटी. इसे मध्यम मोटाई में बेलें. सबसे जरूरी बात है कि पूड़ी बेलते समय ज्यादा सूखा आटा न लगाएं. इससे गर्म तेल में आटे के कण जल सकते हैं और तेल भी जल्दी खराब हो सकता है.
लोई को बेलने से पहले हल्का सा तेल लगा लें. इससे पूड़ी आसानी से बेल जाएगी.
कुरकुरी पूड़ी के लिए मिला सकते हैं सूजी
अगर आपको पूड़ी थोड़ी ज्यादा कुरकुरी पसंद है, तो गेहूं के आटे में थोड़ी सी सूजी मिला सकती हैं. इससे पूड़ी में हल्की क्रिस्पीनेस आती है. हालांकि, अच्छी पूड़ी बनाने के लिए सूजी डालना जरूरी नहीं है.
तेल का तापमान रखें सही
पूड़ी फूलने के लिए तेल का सही गर्म होना बहुत जरूरी है. तेल ठंडा होगा तो पूड़ी ज्यादा तेल सोख सकती है. वहीं, बहुत ज्यादा गर्म तेल में पूड़ी बाहर से जल्दी सिक सकती है और अंदर से कच्ची रह सकती है.
तेल चेक करने के लिए आटे का छोटा सा टुकड़ा डालें. अगर वह डालते ही ऊपर आ जाए और अच्छी तरह बुलबुले बनने लगें, तो तेल पूड़ी तलने के लिए तैयार है.
तेल में डालते ही हल्के हाथ से दबाएं
पूड़ी को गर्म तेल में सावधानी से डालें. जैसे ही वह ऊपर आने लगे, झारे से हल्के हाथ से दबाएं. ऐसा करने से पूड़ी फूलने में मदद मिलती है. इसके बाद पलटकर दूसरी तरफ भी हल्का सा सेंक लें. पूड़ी सुनहरी होते ही इसे निकाल लें.
इस तरह आटा सही रखने, पूड़ी को सही मोटाई में बेलने और तेल का तापमान ठीक रखने से घर पर भी पूड़ी अच्छी तरह फूल सकती है.
यह भी पढ़ें: केला सुबह खाएं या शाम को? जानिए किस समय खाना रहेगा बेहतर
The post पूड़ी क्यों नहीं फूलती? आटा गूंथते समय इस एक बात का रखें ध्यान appeared first on Prabhat Khabar.


