UPI Wrong Payment: रोजमर्रा की जिंदगी में ऐसी कई छोटी-बड़ी बातें होती हैं, जिनकी जानकारी सही समय पर मिल जाए तो काफी परेशानी बच सकती है. इन्हीं काम की और जरूरी बातों को आसान भाषा में आप तक पहुंचाने के लिए हम लेकर आए हैं 'काम की बात'. इस सीरीज में हम रोजमर्रा के काम आने वाली ऐसी बातें बताएंगे, जो आपका काम आसान करें और जरूरत पड़ने पर आपके काम आ सकें.
आज की 'काम की बात' जुड़ी है UPI पेमेंट से. आजकल चाय की दुकान से लेकर शॉपिंग तक, ज्यादातर पेमेंट UPI से ही हो जाता है. लेकिन जल्दबाजी में कई बार पैसे गलत नंबर या UPI ID पर ट्रांसफर (UPI Wrong Payment) हो जाते हैं. ऐसे में घबराने के बजाय तुरंत कुछ जरूरी कदम उठाने चाहिए. तो आइए जानते हैं, गलती से गलत UPI ID पर पैसे चले जाएं, तो उन्हें वापस पाने के लिए क्या करें.
1.गलत पेमेंट होने पर क्या करें?
सबसे पहले घबराएं नहीं. अपने UPI ऐप में जाकर उस ट्रांजैक्शन की पूरी जानकारी चेक (UPI Wrong Payment) करें. वहां UPI ID, मोबाइल नंबर, रकम और ट्रांजैक्शन आईडी जैसी जानकारी मिल जाएगी. इसका स्क्रीनशॉट भी रख लें, क्योंकि आगे शिकायत करते समय इसकी जरूरत पड़ सकती है.
2. जिसे पैसे गए, उससे कैसे संपर्क करें?
हां, अगर आपके पास सामने वाले का मोबाइल नंबर है, तो उसे कॉल या मैसेज करके पूरी बात बताएं. कई बार सामने वाला गलती समझकर पैसे वापस कर देता है. बातचीत के दौरान ट्रांजैक्शन की सही जानकारी अपने पास रखें.
3. UPI ऐप में शिकायत कैसे करें?
ऐसे में अपने UPI ऐप के Help या Support सेक्शन में जाकर ट्रांजैक्शन से जुड़ी शिकायत दर्ज करें. वहां गलत पेमेंट या ट्रांजैक्शन से जुड़ी समस्या का विकल्प मिल सकता है. शिकायत करते समय मांगी गई जानकारी सही-सही भरें.

4. बैंक को कब बताएं?
UPI ऐप में शिकायत करने के साथ अपने बैंक के कस्टमर केयर या संबंधित बैंकिंग चैनल से भी तुरंत संपर्क करें. उन्हें बताएं कि पैसे गलती से गलत UPI ID या अकाउंट में ट्रांसफर हो गए हैं. ट्रांजैक्शन आईडी, तारीख और समय जैसी जानकारी अपने पास रखें.
5. पैसे वापस न आएं तो क्या करें?
अगर पैसे वापस नहीं मिलते, तो अपनी शिकायत को आगे बढ़ाएं और शिकायत से जुड़े सभी रिकॉर्ड संभालकर रखें. ट्रांजैक्शन का स्क्रीनशॉट, UTR या ट्रांजैक्शन नंबर और शिकायत नंबर भविष्य में काम आ सकते हैं.
UPI Wrong Payment: आगे ऐसी गलती से कैसे बचें?
- नाम और UPI ID चेक करें: पैसे भेजने से पहले सामने वाले का नाम और UPI ID जरूर मिलाएं.
- जल्दबाजी न करें: खासकर बड़ी रकम भेजते समय पेमेंट करने से पहले एक बार डिटेल दोबारा चेक करें.
- UPI PIN शेयर न करें: किसी के साथ अपना UPI PIN कभी शेयर न करें.
- OTP न बताएं: बैंक या UPI से जुड़ा OTP किसी को भी न दें.
- गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखें: बैंक अकाउंट, कार्ड या अन्य निजी बैंकिंग जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न बताएं.
काम की बात’ के इस हिस्से में बस इतना ही. फिर मिलते हैं दूसरे दिन सीरीज के अगले पार्ट में एक और जरूरी और काम की बात के साथ.
यह भी पढ़ें: गर्भावस्था में पुरानी बीमारियों से मिसकैरेज का खतरा, सुरक्षित प्रेग्नेंसी के लिए ध्यान रखें ये बातें
The post UPI से गलत नंबर पर पैसे चले गए? घबराएं नहीं, तुरंत करें ये 5 काम appeared first on Prabhat Khabar.


