
PM Modi Fitness: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं. उनकी व्यस्त दिनचर्या और लगातार काम करने की क्षमता अक्सर चर्चा में रहती है. फिटनेस को लेकर पीएम मोदी कई मौकों पर योग, संतुलित खान-पान और अनुशासित जीवनशैली की बात कर चुके हैं. साल 2026 में ‘परीक्षा पे चर्चा’ के दौरान भी उन्होंने कहा था कि शरीर को प्राथमिकता देना जरूरी है और खान-पान व्यक्ति की पसंद और जरूरत के मुताबिक होना चाहिए.
योग और प्राणायाम को देते हैं महत्व
पीएम मोदी लंबे समय से योग और प्राणायाम से जुड़े रहे हैं. एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि कम उम्र से ही योग और प्राणायाम से उनका जुड़ाव रहा है. उनके मुताबिक योग शरीर, मन और भावनाओं के बीच तालमेल बनाने में मदद करता है.
उनकी दिनचर्या से प्रेरणा लेकर आप भी सुबह कुछ मिनट योग, प्राणायाम या हल्की एक्सरसाइज के लिए निकाल सकते हैं. नियमित शारीरिक गतिविधि शरीर को सक्रिय रखने में मदद करती है.
सुबह जल्दी उठने और प्रकृति से जुड़ने की आदत
पीएम मोदी कई मौकों पर सुबह के समय को महत्वपूर्ण बताते रहे हैं. 2026 में विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान उन्होंने सूर्योदय देखने और शरीर को दिन की शुरुआत में प्राथमिकता देने की बात कही थी. उनके अनुसार सुबह का समय शरीर में ताजगी और ऊर्जा का एहसास कराने वाला हो सकता है.
खाने को लेकर नहीं है कोई एक फिक्स नियम
पीएम मोदी ने हाल में साफ कहा कि वे किसी एक तय डाइट सिस्टम को फॉलो नहीं करते. उन्होंने बताया कि वे शाकाहारी भोजन करते हैं और अलग-अलग जगहों पर उपलब्ध साधारण खाना भी खाते रहे हैं. उन्होंने खिचड़ी जैसे घर के आसान भोजन का भी जिक्र किया.
इससे आप यह सीख सकते हैं कि फिट रहने के लिए महंगे या बहुत मुश्किल डाइट प्लान की जरूरत नहीं होती. अपनी जरूरत के हिसाब से संतुलित और पौष्टिक खाना लेना ज्यादा जरूरी है.
शरीर को दें पहली प्राथमिकता
पीएम मोदी ने युवाओं से बातचीत में कहा कि लोग अक्सर खाने और दूसरे कामों को प्राथमिकता देते हैं, लेकिन शरीर पर ध्यान बाद में देते हैं. उन्होंने गहरी सांस लेने और शरीर को पर्याप्त महत्व देने की सलाह दी.
यानी फिटनेस का मतलब केवल जिम जाना नहीं है. रोज थोड़ा चलना, योग करना, सही खान-पान रखना और शरीर को पर्याप्त आराम देना भी स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा है.
यह भी पढ़ें: छोटे-छोटे UPI पेमेंट खाली कर रहे जेब? महीने भर के खर्चों का ऐसे रखें हिसाब
The post 76 की उम्र में भी कैसे फिट और एक्टिव हैं पीएम मोदी? जानें उनकी खास आदतें appeared first on Prabhat Khabar.

