
Trolley Bag Cleaning Tips: जब भी हम कहीं घूमने के लिए निकलते हैं तो ट्रॉली बैग एक ऐसी चीज होती है, जो हर वक्त हमारे साथ रहती है. चाहे छोटा सा वीकेंड ट्रिप हो या फिर लंबी फैमिली ट्रिप, हमारी सारी कीमती चीजें इसी में पैक्ड होती हैं. लेकिन लंबी जर्नी के दौरान इसमें धूल, मिट्टी और बाहर की गंदगी काफी आसानी से लग जाती है और इसे गंदा बना देती है. कई बार तो ऐसा भी होता है कि इसमें से एक अजीब सी बदबू आने लगती है जो लाख कोशिशों के बावजूद भी हटने का नाम नहीं लेती है. अगर आप अपने महंगे ट्रॉली बैग को सालों-साल बिलकुल ही नए जैसा रखना चाहते हैं, तो आज की यह आर्टिकल आपके काम की होने वाली है. आज इस आर्टिकल में हम आपको ट्रॉली बैग को साफ करने के कुछ बेहद आसान और कारगर तरीके बताने जा रहे हैं. तो चलिए इन ट्रिक्स के बारे विस्तार से जानते हैं.
सफाई की शुरुआत बैग खाली करके करें
ट्रॉली बैग की सफाई शुरू करने से पहले सबसे पहला काम होता है बैग को पूरी तरह से खाली करना. बैग की सभी चेन, पॉकेट और सीक्रेट पॉकेट्स को खोल लें. अब बैग के अंदर बचे हुए छोटे-मोटे कागज, बिल या कूड़े को बाहर निकाल दें. इसके बाद बैग को उल्टा करके एक बार अच्छी तरह थपथपाएं, ताकि अंदर जमी सूखी धूल और बारीक कचरा नीचे गिर जाए. अगर आपके घर में वैक्यूम क्लीनर है, तो उसकी मदद से बैग के कोनों की धूल को आसानी से खींचा जा सकता है.
बैग के अंदरूनी हिस्से की अच्छे से सफाई
ट्रॉली बैग के अंदर का हिस्सा अक्सर कपड़े का होता है. इसे साफ करने के लिए कभी भी बहुत ज्यादा पानी का इस्तेमाल न करें, नहीं तो बैग के अंदर का बोर्ड खराब हो सकता है. एक कटोरी में गुनगुना पानी लें और उसमें थोड़ा सा लिक्विड सोप या माइल्ड डिटर्जेंट मिक्स करें. अब एक साफ सूती कपड़े या स्पंज को इस पानी में भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ लें. इस हल्के गीले कपड़े से बैग के अंदरूनी हिस्से को धीरे-धीरे पोंछें. अगर कहीं दाग-धब्बे हैं, तो वहां पुराने टूथब्रश से थोड़ा सा लिक्विड सोप लगाकर हल्के हाथों से रगड़ें. इसके बाद एक दूसरे सूखे कपड़े से अंदरूनी हिस्से को दोबारा पोंछ लें.
बाहरी हिस्से को इस तरह से चमकाएं
अगर आपका ट्रॉली बैग हार्ड शेल यानी कि प्लास्टिक या पॉलीकार्बोनेट से बनी हुई है, तो इसे साफ करना बहुत आसान है. इसके लिए एक गीले कपड़े पर थोड़ा सा बर्तन धोने वाला लिक्विड लें और पूरे बैग को साफ कर दें. वहीं, जिद्दी दागों को हटाने के लिए आप बेकिंग सोडा और पानी का पेस्ट बनाकर दाग पर लगा सकते हैं और 5 मिनट बाद इसे अच्छी तरह से पोंछ सकते हैं. लेकिन, अगर आपका बैग सॉफ्ट शेल यानी कि कपड़े वाला है, तो डिटर्जेंट के पानी में डूबे ब्रश से उसे हल्के-हल्के साफ करें. इस बात का ख्याल रखें कि कपड़े वाले बैग को ज्यादा रगड़ने से उसका फैब्रिक खराब हो सकता है.
पहियों और हैंडल की कैसे करें देखभाल
सफर के दौरान सबसे ज्यादा गंदगी ट्रॉली बैग के पहियों और हैंडल पर ही जमा होती है. पहियों में बाल, धागे और कीचड़ फंस जाते हैं जिससे वे जाम होने लगते हैं. पहियों को साफ करने के लिए सबसे पहले एक सींक या चिमटी की मदद से उसमें फंसे बाल और धागे निकाल लें. इसके बाद साबुन के पानी और ब्रश से पहियों को अच्छी तरह धोकर पोंछ दें. पहिए सूखने के बाद उनमें थोड़ा सा नारियल तेल या मशीन का तेल डाल दें. ऐसा करने से वे बिल्कुल स्मूदली चलने लगेंगे. इसके अलावा ट्रॉली बैग के ट्रॉली हैंडल को भी सैनिटाइजर या गीले कपड़े से पोंछकर साफ करना न भूलें.
बदबू दूर करना और सुखाना
जब ट्रॉली की सफाई अच्छे से हो जाती है तो इसके बाद सबसे जरूरी स्टेप होता है इसे अच्छी तरह से सुखाना. आपको भूलकर भी अपने ट्रॉली बैग को कभी डायरेक्ट धूप में नहीं रखना है. अगर आप उसे धूप में रखेंगे, तो उसका रंग उड़ भी सकता है. इसे घर के अंदर पंखे की हवा में या बालकनी में छांव वाली जगह पर खुला छोड़ दें. अगर बैग में से सीलन या अजीब सी बदबू आ रही है, तो बैग के अंदर थोड़ा सा बेकिंग सोडा छिड़क दें और कुछ घंटों बाद वैक्यूम कर लें. आप अगर चाहें तो बैग के अंदर अखबार के गोले और कुछ नैफ्थलीन की गोलियां रखकर बंद कर सकते हैं, इनकी मदद से बैग के अंदर की सारी बदबू गायब हो जाएगी.
ये भी पढ़ें: किचन तो चमका लिया, लेकिन एग्जॉस्ट फैन पर जमी है काली चिकनाई? इस आसान तरीके से मिनटों में साफ करें जिद्दी गंदगी
The post सालों पुराना ट्रॉली बैग भी दिखेगा नया जैसा, ये आसान ट्रिक्स मिनटों में कर देंगी साफ और फ्रेश appeared first on Prabhat Khabar.

