Navratri Fast Recipes: नवरात्रि के दिनों में खाने का रूटीन थोड़ा बदल जाता है. कई लोग इन दिनों व्रत रखते हैं, तो कुछ लोग सिर्फ सात्विक और हल्का खाना पसंद करते हैं. ऐसे में रोज एक ही तरह के फल, साबूदाना या आलू खाकर बोरियत होना भी स्वाभाविक है. अगर आप भी नवरात्रि में कुछ ऐसा बनाना चाहती हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ ज्यादा मेहनत वाला न हो, तो कुछ आसान रेसिपीज ट्राई कर सकती हैं.

1. कुट्टू की रोटी और दही
नवरात्रि के दौरान कुट्टू के आटे से रोटी बनाना काफी आसान है. इसके लिए कुट्टू के आटे में उबला हुआ आलू, थोड़ा सेंधा नमक और जरूरत के हिसाब से पानी डालकर आटा गूंथ लें. इसकी छोटी-छोटी लोई बनाकर हाथ से दबाते हुए रोटी का आकार दें और तवे पर सेंक लें. इसे दही या व्रत वाली हरी चटनी के साथ खा सकती हैं.
2. साबूदाना खिचड़ी (Navratri Fast Recipes)
साबूदाना खिचड़ी व्रत के दौरान बनने वाली आसान रेसिपीज में से एक है. साबूदाने को पहले कुछ घंटों के लिए भिगो दें. इसके बाद कड़ाही में घी या तेल गर्म करके जीरा, मूंगफली और हरी मिर्च डालें.
अब उबले हुए आलू के टुकड़े डालकर हल्का भूनें और भीगा हुआ साबूदाना मिला दें. सेंधा नमक डालकर कुछ मिनट पकाएं. ऊपर से हरा धनिया डालकर गर्मागर्म खाएं.

3. समा के चावल की खिचड़ी
अगर आप साबूदाना बार-बार नहीं खाना चाहतीं, तो समा के चावल से खिचड़ी बना सकती हैं. इसके लिए समा के चावल को धोकर थोड़ी देर भिगो दें. कुकर या पैन में घी, जीरा, हरी मिर्च और उबले आलू डालकर भूनें. इसके बाद समा के चावल और पानी डालें. सेंधा नमक डालकर इसे नरम होने तक पकाएं. ऊपर से हरा धनिया डालकर दही के साथ परोस सकती हैं.
4. शकरकंद चाट
कुछ हल्का और जल्दी बनने वाला खाना हो तो शकरकंद चाट (Navratri Fast Recipes) अच्छा विकल्प हो सकता है. उबले हुए शकरकंद को छोटे टुकड़ों में काट लें. इसमें सेंधा नमक, नींबू का रस और भुना हुआ जीरा डालें. अगर आपके व्रत में अनुमति हो, तो इसमें थोड़ा हरा धनिया और मूंगफली भी मिला सकती हैं.

5. मखाने की खीर (Navratri Fast Recipes)
मीठा खाने का मन हो तो मखाने की खीर बनाई जा सकती है. सबसे पहले मखानों को हल्का भून लें और जरूरत के हिसाब से छोटे टुकड़ों में तोड़ लें. दूध को गर्म करके इसमें मखाने डालें और धीमी आंच पर पकाएं. स्वाद के लिए इलायची और अपनी पसंद के अनुसार थोड़े ड्राई फ्रूट्स डाल सकती हैं. चीनी की मात्रा अपनी पसंद के हिसाब से रखें.
यह भी पढ़ें: सूजी का हलवा बनेगा और भी क्रीमी और स्वादिष्ट, अपनाएं यह खास आसान रेसिपी
The post व्रत में क्या बनाएं? नवरात्रि के लिए नोट कर लें ये 5 आसान और टेस्टी रेसिपीज appeared first on Prabhat Khabar.

