How To Grow Plants From Leaves: घर में पौधे लगाने का शौक है, लेकिन हर बार बीज या कटिंग का इंतजाम करना मुश्किल लगता है. आपके लिए पत्तियों से पौधे उगाने का तरीका काफी काम का हो सकता है. कुछ ऐसे पौधे हैं जिन्हें सही तरीके से लगाएं, तो उनकी एक पत्ती से भी नया पौधा तैयार किया जा सकता है. इसके लिए आपको न तो ज्यादा जगह चाहिए और न ही बागवानी की खास जानकारी. बस सही पत्ती, मिट्टी, पानी और थोड़ी देखभाल की जरूरत होती है.

1. स्नेक प्लांट
स्नेक प्लांट को पत्ती से आसानी से तैयार किया जा सकता है. इसके लिए स्वस्थ पत्ती को करीब 2-3 इंच के टुकड़ों में काट लें. अब इन टुकड़ों को मिट्टी में हल्का-सा दबा दें. मिट्टी में पानी जमा न होने दें. कुछ समय बाद पत्ती के निचले हिस्से से जड़ें और नई ग्रोथ निकल सकती है. ध्यान रखें कि पत्ती का ऊपर-नीचे वाला हिस्सा सही दिशा में रहे.

2. जेड प्लांट (How To Grow Plants From Leaves)
जेड प्लांट को भी एक स्वस्थ पत्ती से उगाया जा सकता है. इसके लिए पौधे से एक अच्छी और बिना खराब हिस्से वाली पत्ती को सावधानी से अलग करें. इसे तुरंत मिट्टी में गाड़ने के बजाय कुछ समय सूखी जगह पर रखें, ताकि कटा हुआ हिस्सा सूख जाए. इसके बाद पत्ती को मिट्टी की सतह पर रख दें. ज्यादा पानी देने की जरूरत नहीं होती. धीरे-धीरे जड़ें निकल सकती हैं और नई पौध तैयार होने लगती है.
3. बेगोनिया
बेगोनिया की कुछ किस्मों में पत्ती से नया पौधा तैयार किया जा सकता है. एक स्वस्थ पत्ती लें और उसके नीचे की नसों पर हल्के कट लगाएं. अब पत्ती को नम मिट्टी के ऊपर इस तरह रखें कि नसों वाला हिस्सा मिट्टी के संपर्क में रहे. नमी बनाए रखने पर कुछ समय बाद कटे हुए हिस्सों के पास से नई ग्रोथ दिखाई दे सकती है. इस तरीके में थोड़ा धैर्य रखना पड़ता है.

4. अफ्रीकन वायलेट
अफ्रीकन वायलेट को भी पत्ती से उगाना काफी आसान (How To Grow Plants From Leaves) माना जाता है. एक स्वस्थ पत्ती को डंठल के छोटे हिस्से के साथ काटें और उसे हल्की, अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी में लगा दें. मिट्टी को बहुत ज्यादा गीला न करें. सही नमी और रोशनी मिलने पर पत्ती के नीचे से जड़ें बनने लगती हैं और बाद में छोटी-सी नई पौध निकल सकती है.

पौधे उगाते समय इन बातों का रखें ध्यान
- पत्ती से नया पौधा तैयार करने में समय लग सकता है, इसलिए रोज पत्ती को निकालकर देखने से बचें.
- मिट्टी में पानी जमा रहने पर पत्ती सड़ सकती है. हमेशा स्वस्थ और बीमारी या कीड़े से मुक्त पत्ती चुनें.
- शुरुआती दिनों में पौधे को बहुत तेज धूप में रखने के बजाय ऐसी जगह रखें जहां पर्याप्त रोशनी मिले.
- हर पौधे की जरूरत अलग हो सकती है, इसलिए पानी और रोशनी उसकी किस्म के हिसाब से दें.
यह भी पढ़ें: बैंगन में कीड़े हैं या नहीं? खरीदने से पहले इन आसान तरीकों से करें पहचान
The post बीज खरीदने की जरूरत नहीं, सिर्फ 1 पत्ती से घर में उगाएं ये खूबसूरत पौधे appeared first on Prabhat Khabar.
