
Water Bottle Safety Tips: गर्मी हो या बारिश का मौसम, सफर के दौरान अक्सर लोग बाजार से पैक्ड पानी की बोतल खरीद लेते हैं. कई बार जल्दबाजी में हम बिना जांच-पड़ताल किए ही बोतल खरीद लेते हैं, लेकिन ऐसी छोटी सी लापरवाही सेहत के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है. हाल ही में उत्तर प्रदेश में सामने आई एक घटना ने लोगों को सतर्क रहने की जरूरत का एहसास कराया है. ऐसे में पैक्ड पानी खरीदते समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद आवश्यक है.

1. सबसे पहले बोतल की सील जांचें
पानी की बोतल खरीदने से पहले यह सुनिश्चित करें कि उसका ढक्कन पूरी तरह सील हो. यदि सील टूटी हुई हो, ढक्कन ढीला लगे या पहले से खुला हुआ दिखाई दे, तो ऐसी बोतल बिल्कुल न खरीदें. इससे पानी के सुरक्षित होने पर सवाल खड़े हो सकते हैं.
2. ब्रांड का नाम और लेबल ध्यान से पढ़ें
बाजार में कई बार प्रसिद्ध कंपनियों से मिलते-जुलते नाम वाली नकली बोतलें भी बिकती हैं. इसलिए लेबल को ध्यान से पढ़ें और स्पेलिंग की जांच करें. साथ ही प्रिंट की गुणवत्ता और पैकेजिंग भी साफ-सुथरी होनी चाहिए.
3. मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट देखें
पानी की बोतल पर छपी निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट जरूर पढ़ें. लंबे समय तक स्टोर की गई या एक्सपायर बोतल खरीदने से बचें, क्योंकि इससे पानी की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है.
4. ISI और FSSAI मार्क जरूर देखें
सुरक्षित पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर पर ISI मार्क और FSSAI लाइसेंस नंबर होना जरूरी है. अगर बोतल पर ये दोनों जानकारी नहीं दी गई है, तो उसे खरीदने से बचें.
5. पानी की गुणवत्ता खुद भी जांचें
बोतल को रोशनी के सामने रखकर देखें. पानी पूरी तरह साफ, रंगहीन और पारदर्शी होना चाहिए. अगर उसमें धुंधलापन, कण या कोई असामान्य रंग दिखाई दे, तो ऐसी बोतल का इस्तेमाल न करें.
बाजार से पानी खरीदते समय सिर्फ कीमत नहीं, बल्कि उसकी गुणवत्ता और सुरक्षा पर भी ध्यान देना जरूरी है. थोड़ी सी सावधानी आपको बड़ी परेशानी से बचा सकती है.
यह भी पढ़ें: 60 की उम्र के बाद शरीर में होने लगते हैं ये 6 बदलाव, भूलकर भी न करें इन्हें बीमारी समझने की गलती

