How to Treat Pimples: चेहरे पर एक पिंपल निकलते ही सबसे पहले ध्यान उसी पर जाता है. खासकर जब पिंपल लाल और उभरा हुआ हो, तो उसे देखकर मन करता है कि किसी तरह उसे दबाकर तुरंत खत्म कर दें. लेकिन ऐसा करना आपकी स्किन के लिए परेशानी बढ़ा सकता है.
कई बार पिंपल को जल्दी ठीक करने के चक्कर में हम उसे बार-बार छूते, दबाते या फोड़ देते हैं. इससे पिंपल तो तुरंत खत्म नहीं होता, बल्कि स्किन पर सूजन, लालिमा और दाग की समस्या हो सकती है. ऐसे में सवाल उठता है कि पिंपल निकलने पर आखिर क्या करना चाहिए. आइए जानते हैं.
पिंपल को दबाना क्यों नहीं चाहिए?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. कुमार प्रतीक के अनुसार, लाल, सूजे हुए या दर्द करने वाले पिंपल को दबाने और फोड़ने से बचना चाहिए. जब आप पिंपल को दबाते हैं, तो त्वचा पर जरूरत से ज्यादा दबाव पड़ता है. इससे उस जगह पर जलन और सूजन बढ़ सकती है. कई बार पिंपल के अंदर मौजूद सामग्री आसपास की त्वचा में भी फैल सकती है, जिससे इंफ्लेमेशन बढ़ने का खतरा रहता है.
बार-बार छूने से भी बढ़ सकती है परेशानी
सिर्फ पिंपल को फोड़ना ही नहीं, बल्कि बार-बार उसे छूना भी सही नहीं है. हमारे हाथों पर धूल, तेल और कई तरह के बैक्टीरिया हो सकते हैं. जब हम बार-बार चेहरे को छूते हैं, तो इससे पिंपल वाली जगह पर जलन बढ़ सकती है. इसके अलावा, पिंपल को छूने की आदत से उसे ठीक होने में भी ज्यादा समय लग सकता है.

पिंपल के बाद पड़ सकते हैं दाग
कई लोगों में पिंपल ठीक होने के बाद उस जगह पर लाल या भूरे रंग का निशान रह जाता है. पिंपल को दबाने या फोड़ने से ऐसी समस्या का खतरा बढ़ सकता है.
अगर पिंपल को बार-बार छेड़ा जाए और त्वचा को नुकसान पहुंचे, तो कुछ मामलों में मुंहासों के निशान यानी एक्ने स्कार भी बन सकते हैं. ये निशान बाद में जल्दी नहीं जाते और इनके लिए अलग स्किन ट्रीटमेंट की जरूरत पड़ सकती है.
यह भी पढ़ें: चेहरे की चमक फीकी पड़ रही है? इन 6 फलों को बनाएं अपने रोज के मेन्यू का हिस्सा
How to Treat Pimples: पिंपल निकलने पर क्या करें?
सबसे पहले पिंपल को छेड़ना बंद करें. चेहरे को किसी हल्के क्लींजर से साफ रखें और स्किन के हिसाब से ऐसा मॉइस्चराइजर लगाएं, जो पोर्स को बंद न करे. मुंहासों के लिए सैलिसिलिक एसिड और बेंज़ॉयल पेरॉक्साइड जैसे इंग्रीडिएंट्स का इस्तेमाल किया जाता है.
हालांकि, हर स्किन पर इनका असर एक जैसा नहीं होता. इसलिए स्किन की स्थिति और संवेदनशीलता को ध्यान में रखकर ही इनका इस्तेमाल करना चाहिए.

स्क्रब और ज्यादा फेस वॉश से बचें
कई लोग पिंपल देखते ही दिन में कई बार चेहरा धोने लगते हैं या स्क्रब से उसे हटाने की कोशिश करते हैं. ऐसा करने से समस्या और बढ़ सकती है. बहुत ज्यादा सफाई या स्क्रबिंग से स्किन में जलन, रूखापन और लालिमा बढ़ सकती है. इसलिए चेहरे को धीरे से साफ करें और पिंपल को (How to Treat Pimples) खुद ठीक होने का समय दें.
किसी नए प्रोडक्ट का पैच टेस्ट जरूर करें
अगर आप सैलिसिलिक एसिड, बेंज़ॉयल पेरॉक्साइड या कोई नया स्किनकेयर प्रोडक्ट इस्तेमाल करने जा रहे हैं, तो सीधे पूरे चेहरे पर लगाने से पहले पैच टेस्ट करना बेहतर है.
इसके लिए प्रोडक्ट की थोड़ी मात्रा हाथ की अंदरूनी तरफ या कान के पीछे की छोटी जगह पर लगाएं. प्रोडक्ट के निर्देशों के मुताबिक इसे कुछ समय तक रहने दें और स्किन पर लालिमा, खुजली, जलन, सूजन या किसी तरह की एलर्जी तो नहीं हो रही, इस पर ध्यान दें.
अगर कोई रिएक्शन दिखाई दे, तो प्रोडक्ट का इस्तेमाल बंद कर दें. ध्यान रखें कि पैच टेस्ट से रिएक्शन की संभावना का पूरी तरह पता नहीं चलता, इसलिए संवेदनशील त्वचा वाले लोगों को खास सावधानी बरतनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: De-Tan Mask खरीदते समय न करें जल्दबाजी, इन 4 बातों को जरूर करें चेक
The post पिंपल को फोड़ना चाहिए या नहीं? जानें स्किन पर क्या पड़ सकता है असर appeared first on Prabhat Khabar.
