
Friendship Tips: दोस्ती जिंदगी के सबसे खूबसूरत रिश्तों में से एक होती है. हर किसी की जिंदगी में एक ऐसा दोस्त जरूर होता है, जिसके साथ हम अपनी खुशियां, परेशानियां और कई निजी बातें शेयर करते हैं. लेकिन हर बात किसी के साथ साझा करना सही नहीं होता. कुछ बातें ऐसी होती हैं, जिन्हें खुद तक रखना ही बेहतर होता है. इससे आपकी निजी जिंदगी सुरक्षित रहती है और दोस्ती भी मजबूत बनी रहती है.

पार्टनर से जुड़ी हर छोटी-बड़ी बात
कई बार कपल्स के बीच छोटी-छोटी बहस हो जाती है और लोग तुरंत अपने सबसे अच्छे दोस्त को इसकी जानकारी दे देते हैं. लेकिन बाद में जब पार्टनर के साथ सब ठीक हो जाता है, तब भी दोस्त के मन में आपके रिश्ते को लेकर नकारात्मक सोच बनी रह सकती है. इसलिए छोटी-छोटी बातों को बार-बार दूसरों से शेयर करने से बचना चाहिए। हालांकि, अगर मामला गंभीर हो, जैसे मानसिक या शारीरिक परेशानी, तो मदद जरूर लेनी चाहिए.
पासवर्ड और बैंकिंग जानकारी
भरोसा कितना भी गहरा क्यों न हो, अपनी डिजिटल और आर्थिक जानकारी हमेशा निजी रखनी चाहिए. फोन का पासवर्ड, यूपीआई पिन, ईमेल पासवर्ड या बैंक से जुड़ी जानकारी किसी के साथ शेयर नहीं करनी चाहिए. अपनी सुरक्षा के लिए इन बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.
किसी और का निजी राज
अगर कोई व्यक्ति आप पर भरोसा करके अपनी निजी बात बताता है, तो उसकी बात को गोपनीय रखना आपकी जिम्मेदारी है. किसी और का राज अपने सबसे अच्छे दोस्त के साथ भी शेयर नहीं करना चाहिए. इससे लोगों का भरोसा बना रहता है.
अधूरे सपने और भविष्य की योजनाएं
नई नौकरी, बिजनेस शुरू करने या विदेश जाने जैसी योजनाओं को तब तक सीमित लोगों तक ही रखें, जब तक वह पूरी तरह तय न हो जाएं. कई बार दूसरों के सवाल या राय आपके आत्मविश्वास को प्रभावित कर सकते हैं. बेहतर है कि पहले अपने लक्ष्य पर ध्यान दें और सफलता के बाद अपनी खुशखबरी साझा करें.
अपनी हर कमजोरी और असुरक्षा
दोस्त से अपनी परेशानियां शेयर करना अच्छी बात है, लेकिन हर समय अपनी कमियां और कमजोरियों की चर्चा करना सही नहीं है. इससे कई बार आपका आत्मविश्वास कम हो सकता है. अपनी समस्याओं के बारे में बात करें, लेकिन उन्हें अपनी पहचान न बनने दें.
यह भी पढ़ें: हर बात पर ‘नहीं’ कहने वाले माता-पिता हो जाएं सावधान, बच्चे पर पड़ सकता है असर

