बंगाली फिल्मों से लेकर हिंदी सिनेमा तक अपने शानदार अभिनय का जादू बिखेरने वाली दिग्गज एक्ट्रेस राखी गुलजार आज यानी 15 अगस्त को अपना 79वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं. इस खास मौके पर बॉलीवुड के पॉपुलर एक्टर जैकी श्रॉफ ने उन्हें बेहद खास अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं.
आपका काम और आपसे जुड़ी यादें हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगी…
जैकी श्रॉफ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर राखी गुलजार की पुराने दिनों की एक तस्वीर शेयर की है. इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, ‘राखी जी, आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. आपका काम और आपसे जुड़ी यादें हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगी.’ उनकी ये पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
Warm Wishes!#HappyBirthday#Rakheeji pic.twitter.com/9GVxjB73or
— Jackie Shroff (@bindasbhidu) August 15, 2026
ऐसा रहा राखी गुलजार का शुरुआती करियर
15 अगस्त 1947 को पश्चिम बंगाल के राणाघाट में जन्मी राखी गुलजार ने 1970 से 1990 के दशक के बीच हिंदी और बंगाली सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई. उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1967 में आई बंगाली फिल्म ‘वधूवरण’ से की थी. इसके बाद उन्होंने फिल्म ‘जीवन मृत्यु’ के जरिए बॉलीवुड में कदम रखा.
कब हुई गुलजार और राखी की शादी?
इसी दौरान उनकी मुलाकात मशहूर गीतकार गुलजार से हुई. दोनों की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और साल 1973 में दोनों ने शादी कर ली. उनकी एक बेटी मेघना गुलजार हैं, जो आज बॉलीवुड की जानी-मानी फिल्म निर्देशक हैं. हालांकि, राखी और गुलजार का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया. कहा जाता है कि शादी के बाद फिल्मों में काम को लेकर दोनों के बीच मतभेद बढ़ गए, जिसके बाद दोनों अलग हो गए.
आजकल कहां हैं राखी गुलजार?
राखी गुलजार आखिरी बार साल 2003 में रिलीज हुई बंगाली-हिंदी फिल्म ‘शुभ मुहूर्त’ में नजर आई थीं. इस फिल्म के लिए उन्हें नेशनल ऑवर्ड से सम्मानित किया गया था. फिलहाल वो फिल्मों से दूर मुंबई के पास पनवेल स्थित अपने फार्महाउस में शांत जीवन बिता रही हैं. हालांकि, आज भी उनके चाहने वालों की संख्या कम नहीं हुई है और उनके जन्मदिन के मौके पर सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें:-Box Office: 19 साल बाद इमरान हाशमी ने लिया सनी से बदला ! ‘बंटवारा 1947’ से 3 गुना ज्यादा रही ‘आवारापन 2’ की कमाई

