तमिलनाडु में भाजपा राज्य अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन के द्वारा मुख्यमंत्री विजय की मां को लेकर की गई टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने एक प्रेस कांफ्रेंस में विरोधियों पर सीएम विजय की ओर से पहले की गई एक टिप्पणी ‘आपके पिता कहां हैं?’ पर जवाब दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने विजय की मां पर अभद्र टिप्पणी कर दी। अब उनके खिलाफ भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई और भाजपा ने खुशबू सुंदर उतर गए हैं।

क्या है विवाद?
दरअसल तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने मुख्यमंत्री विजय द्वारा विधानसभा में बार-बार पिताजी कहा हैं? पिताजी कहा हैं? के नारों का जवाब दे रहे थे। नैनार ने कहा, अगर आप विधानसभा में बार-बार यह पूछेंगे कि पिताजी कहा हैं? पिताजी कहा हैं?, तो हमें यह कैसे पता होगा? आपको घर जाना चाहिए और अपनी मां से पूछना चाहिए कि पिताजी कहा हैं? अपने पिता को विधानसभा में ढूंढ़ने का कोई मतलब नहीं है किसी को क्या पता?” अब उनकी इस टिप्पणी पर विवाद खड़ा हो गया है।
भाजपा अध्यक्ष पर बिफरे अन्नामलाई
भाजपा के अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन के बयान को आड़े हाथों लेते हुए तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष के अन्नामलाई ने प्रदेश केमुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय की मां के लिए अपमानजनक टिप्पणी पर नैनार नागेंद्रन पर निशाना साधा है। अन्नामलाई ने एक्स पर लिखा कि यह बहुत निंदनीय है कि तमिलनाडु की राजनीति में अभद्र भाषा का इस्तेमाल लगातार हो रहा है। डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन के बाद अब तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने मुख्यमंत्री विजय की मां को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है।
अन्नामलाई ने आगे लिखा कि राजनीति में रहने वाले लोगों को अपने शब्दों और व्यवहार की जिम्मेदारी समझनी चाहिए। विचारों में मतभेद हो सकते हैं, नीतियों की आलोचना की जा सकती है और सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए जा सकते हैं। लेकिन किसी के परिवार, खासकर उसकी मां को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करना किसी भी तरह स्वीकार्य नहीं है। इस तरह की घटिया बयानबाजी उस राजनीति की याद दिलाती है, जो 30-40 साल पहले ही खत्म हो जानी चाहिए थी। आज के तमिलनाडु के युवाओं और हमारे बच्चों को इस तरह की निम्न स्तर की राजनीति नहीं सिखाई जानी चाहिए।
खुशबू सुंदर ने अपनी पार्टी के नेता पर साधा निशाना
भाजपा नेता खुशबू सुंदर ने एक्स पर लिखा, भाजपा के राज्य अध्यक्ष थिरु नैनार नागेंद्रन द्वारा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री की माँ के बारे में की गई अभद्र टिप्पणी घिनौनी है। ऐसी बातें किसी भी मंच पर स्वीकार्य नहीं हैं। मेरे नेता, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा ‘नारी शक्ति’ की बात की है और महिलाओं का सम्मान किया है। ऐसी टिप्पणियां बहुत ही घटिया और शर्मनाक हैं। आज यह सुनकर स्तब्ध और निराश हूं। पार्टी से सवाल पूछिए, लोगों के लिए आवाज उठाइए, अगर सरकार काम न कर पाए तो उस पर हमला कीजिए, लेकिन अपनी बात कहने के लिए कभी भी किसी महिला का इस्तेमाल मत कीजिए। महिलाएं राजनीति के खेल में मोहरे नहीं होतीं। हर पार्टी, पार्टी के हर सदस्य और हर पुरुष को किसी महिला का अपमान करने से पहले सोचना चाहिए। याद रखिए, आप इस दुनिया में एक महिला और एक माँ की वजह से ही हैं। एक मां का यह अपमान दुखद और पीड़ादायक है।

