पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आज 11 अप्रैल 2026 को ईरान और अमेरिका के बीच एक बहुप्रतीक्षित उच्च स्तरीय वार्ता शुरू होने वाली है। इस महत्वपूर्ण बैठक का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्याप्त कड़वाहट को कम करना और शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में कदम बढ़ाना है। वार्ता इस्लामाबाद के प्रतिष्ठित सेरेना होटल में सुबह लगभग 11 बजे शुरू होने की उम्मीद है।
कौन कर रहा है वार्ता की अगुवाई?
इस ‘हाई-प्रोफाइल’ वार्ता में दोनों देशों के दिग्गज नेता शामिल होंगे। ईरान की ओर से 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकेर गालिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची करेंगे। वहीं, अमेरिका की ओर से उपराष्ट्रपति जेडी वेंस वार्ता का नेतृत्व करेंगे। उनके साथ पूर्व राष्ट्रपति सलाहकार जेरेड कुशनर, पश्चिम एशिया के लिए विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और सेंटकॉम कमांडर वाइस एडमिरल ब्रैड कूपर भी अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा होंगे।

ईरान का 14 सदस्यीय बड़ा डेलिगेशन
ईरान से पहुंचे 14 सदस्यीय दल में कई महत्वपूर्ण हस्तियां शामिल हैं। ईरान के सर्वोच्च राष्ट्रीय रक्षा परिषद के सदस्य अली अकबर अहमदियन, केंद्रीय बैंक के गवर्नर अब्दोलनासेर हेम्मती, डिप्टी फॉरेन मिनिस्टर काज़िम ग़रीबाबादी और माजिद तख्त ए रवांची जैसे अधिकारी भी बातचीत का हिस्सा होंगे। प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों में पाकिस्तान में ईरान के राजदूत रेजा अमीरी मोघदाम, राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट एस्माएल अहमदी मोघदाम, और संसद सदस्य अबोलफ़ज़ल अमोई व मोहम्मद नबावियन शामिल हैं।
अमेरिका की ओर से कौन-कौन शामिल?
दूसरी ओर, अमेरिका की ओर से उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व में चार प्रमुख हस्तियां शिरकत करेंगी। इनमें पूर्व राष्ट्रपति सलाहकार जेरेड कुशनर, जो पश्चिम एशिया में अमेरिकी हितों के लिए महत्वपूर्ण रहे हैं, विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और सेंटकॉम कमांडर वाइस एडमिरल ब्रैड कूपर शामिल हैं। यह अमेरिकी टीम ईरान के साथ जटिल मुद्दों पर चर्चा करने के लिए तैयार है।


