Rajasthan Royals vs Sunrisers Hyderabad Highlights: सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हरा दिया है. IPL 2026 में यह हैदराबाद की लगातार चौथी जीत है, वहीं राजस्थान रॉयल्स की यह SRH के हाथों लगातार छठी हार है. जयपुर में खेले गए इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी की 103 रनों की शतकीय पारी की बदौलत RR की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 228 रन बनाए थे. जवाब में हैदराबाद ने 229 रन बनाकर आईपीएल में अपना दूसरा सबसे बड़ा रन चेज किया.
1119 दिन बाद भी नहीं मिली जीत
राजस्थान रॉयल्स पिछले 1,119 दिनों से IPL में सनराइजर्स हैदराबाद को हरा नहीं पाई है. SRH पर राजस्थान रॉयल्स की आखिरी जीत 2 अप्रैल, 2023 के दिन आई थी. उस मुकाबले को तीन साल से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन राजस्थान की हार का सिलसिला खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. इस दौरान हैदराबाद की टीम राजस्थान को लगातार 6 बार मात दे चुकी है.
वैभव का शतक गया बेकार
राजस्थान रॉयल्स की टीम जब पहले बैटिंग करने आई, तो वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 36 गेंदों में शतक पूरा किया. यह आईपीएल के इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक रहा. आईपीएल में किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक (35 गेंद) लगाने का रिकॉर्ड पहले ही उनके नाम है. इस शतक के दम पर राजस्थान की टीम 228 के स्कोर तक पहुंच पाई.
सनराइजर्स हैदराबाद की टीम जब 229 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई तो ट्रेविस हेड पहले ही ओवर में आउट हो गए. मगर अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने महज 55 गेंदों में 132 रनों की पार्टनरशिप कर मैच का रुख ही पलट कर रख दिया. इसी साझेदारी के दम पर हैदराबाद ने जीत अपनी झोली में डाली.
किशन ने 31 गेंद में 74 रन बनाए, वहीं अभिषेक ने 29 गेंद में 57 रनों की पारी खेली. बाकी का काम हेनरिक क्लासेन और नीतीश कुमार रेड्डी की 53 रनों की पार्टनरशिप ने कर दिया. नीतीश ने 18 गेंद में 36 रन बनाए, वहीं क्लासेन ने 29 रनों का योगदान दिया. इस जीत के बाद हैदराबाद ने पॉइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर कब्जा जमा लिया है.
यह भी पढ़ें:
IPL के 7 सबसे बड़े रन चेज, पंजाब किंग्स ने दो बार हासिल किया 250+ का टारगेट


