इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का अगला सीजन यानी आईपीएल 2027 अगले साल खेला जाना है. अभी आईपीएल के अगले सीजन के शेड्यूल का एलान नहीं हुआ है, लेकिन दुनिया की यह सबसे बड़ी लीग मार्च से मई के बीच ही खेली जाएगी. ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को अगस्त 2026 से अगस्त 2027 के बीच जमकर क्रिकेट खेलना है. अगले एक साल में ऑस्ट्रेलियाई टीम को 20 टेस्ट और 14 सीमित ओवरों के मैच खेलने हैं. ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आईपीएल 2027 को मिस कर सकते हैं. इसके संकेत टीम के हेड कोच ने दिए हैं.
ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड ने संकेत दिए हैं कि ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख टेस्ट क्रिकेटरों को अगले साल होने वाले आईपीएल में अपनी भागीदारी को लेकर मुश्किल फैसले लेने पड़ सकते हैं, क्योंकि टीम अपने इंटरनेशनल कैलेंडर के सबसे व्यस्त दौर में से एक के लिए तैयारी करेगी. ऑस्ट्रेलिया को अगले 12 महीनों में 20 टेस्ट और 14 व्हाइट-बॉल इंटरनेशनल मैच खेलने हैं. इनमें भारत में होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज भी शामिल है. टेस्ट क्रिकेट की 150वीं वर्षगांठ के मौके पर इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया एक टेस्ट खेलेगा, जबकि इंग्लिश टीम से कंगारुओं की एशेज सीरीज में भी भिड़ंत होगी.
आईपीएल 2027 अगले साल मार्च से मई के अंत तक खेला जाएगा. वहीं जून में संभावित वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल भी है. ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख खिलाड़ी आईपीएल 2027 को मिस कर सकते हैं या फिर सिर्फ कुछ मैच ही खेल सकते हैं.
मैकडोनाल्ड ने ‘ईएसपीएन क्रिकइन्फो’ से कहा, “मैंने पहले भी कहा है कि आईपीएल हमारे कई खिलाड़ियों के लिए हमारे मैनेजमेंट प्लान का हिस्सा है और मेरे हिसाब से टी20 क्रिकेट के सबसे अच्छी प्रतियोगिता में अपने बेहतरीन खिलाड़ियों को खेलने का मौका देने से उनके प्रदर्शन में भी फायदा होता है. बस आपको इसमें संतुलन बनाना होगा.” मैकडोनाल्ड ने आगे कहा, “मुझे पता है कि लोग देश बनाम फ्रेंचाइजी और ऐसी बातें करते हैं, लेकिन इस समय की अहम बात यह है कि हम अपने तेज गेंदबाजों को अपने शरीर को ठीक करने और उन 20 या 21 मैचों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार होने का मौका दे रहे हैं, जिनकी सब बात करते हैं.”
पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, कैमरून ग्रीन और ट्रेविस हेड उन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों में शामिल हैं जो अभी आईपीएल फ्रेंचाइजी से जुड़े हैं, जबकि जोश इंग्लिस भी लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का हिस्सा हैं. ऑस्ट्रेलिया के रेगुलर टेस्ट खिलाड़ियों का टूर्नामेंट से हटने या अपनी उपलब्धता सीमित करने का कोई भी फैसला फ्रेंचाइजी की प्लानिंग पर असर डाल सकता है, खासकर खिलाड़ियों को रिटेन करने के मामले में.

यह भी पढ़ें-
मिचेल स्टार्क ‘प्लेयर ऑफ द ईयर’, ट्रेविस हेड के नाम एलन बॉर्डर मेडल; देखें किसने जीता कौनसा अवॉर्ड

