भारतीय टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर चर्चा लगातार जारी है, लेकिन पूर्व भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह की चिंता इस समय युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को लेकर है। युवराज का मानना है कि जायसवाल को पर्याप्त मौके नहीं मिल रहे हैं, जबकि उन्होंने अपनी पिछली तीन वनडे पारियों में दो शतक लगाए हैं।

क्या रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य पर होनी चाहिए स्पष्ट बातचीत?
युवराज सिंह ने ‘जियोस्टार’ पर बातचीत करते हुए कहा कि टीम मैनेजमेंट, रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर साफ बातचीत करे। उन्होंने कहा कि अगर अगले साल दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में होने वाले वनडे विश्वकप के लिए दोनों खिलाड़ियों को योजना में रखा गया है तो टीम को उनका पूरी तरह समर्थन करना चाहिए। युवराज ने कहा “विराट और रोहित से ज्यादा मेरी चिंता यशस्वी जायसवाल को लेकर है। अगर विश्वकप आता है और उसे पर्याप्त मैच खेलने का मौका नहीं मिलता है तो अचानक उस पर दबाव आ जाएगा।”

