इंडियन प्रीमियर लीग ने क्रिकेट की परिभाषा ही बदल कर रख दी है. 20वीं सदी में क्रिकेट के प्रशंसक केवल टेस्ट और वनडे फॉर्मेट से ही वाकिफ थे, लेकिन टी20 फॉर्मेट 21वीं सदी को परिभाषित कर रहा है. केवल 19 साल में IPL ने कमाई के बड़े-बड़े रिकॉर्ड तोड़ डाले हैं. आईपीएल की वैल्यूएशन 20.6 बिलियन अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गई है और लगभग 2 लाख करोड़ रुपये को छू रही है.
इंडियन प्रीमियर लीग का संचालन BCCI करता है और साल दर साल बोर्ड की कमाई बढ़ रही है. आज यह सिर्फ क्रिकेट ही नहीं बल्कि सभी खेलों में दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी लीग बन चुकी है. कमाई के मामले में अमेरिकी फुटबॉल लीग (NFL) ही आईपीएल से आगे है.
आईपीएल के बाद पाकिस्तान, बांग्लादेश, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और नेपाल समेत कई देश अपनी-अपनी लीग शुरू कर चुके हैं. IPL के बढ़ते बिजनेस और प्रभाव के बावजूद कैरेबियाई प्रीमियर लीग से लेकर बिग बैश लीग और SA20 ने क्रिकेट फैंस पर गहरी छाप छोड़ी है. मगर कमाई के मामले में दूसरी सबसे बड़ी क्रिकेट लीग कौन सी है. दूसरी सबसे बड़ी लीग का नाम जानकर आप चौंक जाएंगे.
क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी लीग
क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी लीग BBL, SA20 या PSL नहीं है. इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर इंग्लैंड की द हंड्रेड लीग है, जिसकी वैल्यूएशन में बहुत तगड़ा उछाल देखने को मिला है. रिपोर्ट्स के अनुसार साल 2024 में द हंड्रेड की ब्रांड वैल्यू लगभग 610 मिलियन डॉलर थी.
इसके बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने टीमों में हिस्सेदारी बेच दी थी. मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद समेत कई IPL टीमों ने हिस्सेदारी खरीदी थी. करोड़ों, अरबों रुपयों की डील पूरी होने और विदेशी निवेशकों के आने के बाद द हंड्रेड लीग की ब्रांड वैल्यू 1.3 बिलियन डॉलर तक जा पहुंची, जिसने उसे क्रिकेट की दूसरी सबसे बड़ी लीग बनाया.
इस लिस्ट में पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) दूर-दूर तक कहीं नजर नहीं आती. रिपोर्ट्स अनुसार PSL की बिजनेस वैल्यूएशन 250 मिलियन डॉलर से कुछ अधिक है. यह IPL की तुलना में बहुत कम है. इसी बीच दक्षिण अफ्रीका की SA20 ने भी कमाई के मामले में छलांग मारी है. 2025 में कुछ आंकड़े सामने आए, जिनके अनुसार SA20 लीग को 45 मिलियन डॉलर से भी ज्यादा का फायदा हुआ था.
यह भी पढ़ें:
टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले 10 गेंदबाज
विराट कोहली के प्रेमानंद महाराज के पास जाने पर मोहम्मद शमी की प्रतिक्रिया, जानें क्या कहा

