School Bus Fare Hike: देशभर में महंगाई की मार देखने को मिल रही है. पिछले कुछ समय में पेट्रोल- डीजल की कीमतों में 4 बार इजाफा हुआ है. जिससे आम आदमी की जेब पर बोझ पड़ गया. महंगाई का असर व्यक्ति की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी तेजी से पड़ रहा है. इसी बीच अब देश के ही एक महत्वपूर्ण राज्य में स्कूल बस का किराया बढ़ा दिया गया है. जिससे आम आदमी की जेब पर एक और बोझ बढ़ गया है.
किस राज्य में बढ़ा किराया?
दरअसल महाराष्ट्र में स्कूल बस संचालकों ने जून 2026 से स्कूल बसों की फीस में 15% की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है. स्कूल बस संचालकों का कहना है कि बढ़ते खर्च और सरकार से कोई राहत न मिलने के कारण उन्हें ये कदम उठाना पड़ रहा है. स्कूल बस ओनर्स एसोसिएशन महाराष्ट्र के अनुसार, उन्होंने कई बार राज्य सरकार, परिवहन मंत्रालय और अन्य संबंधित अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया. इसके लिए ज्ञापन और प्रस्ताव भी सौंपे गए, लेकिन उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई.
ये भी पढ़ें: Wedding SIP: बिना कर्ज लिए करनी है शाही शादी? आज ही शुरू करें वेडिंग एसआईपी और बनाएं बड़ा फंड, समझें गणित
कई विकल्पों का भी किया विचार
एसोसिएशन का कहना है कि उन्होंने स्कूल बसों की फीस बढ़ाने से पहले कई विकल्पों पर भी विचार किया, उन्होंने ऐसे सुझाव भी दिए थे जिससे पैरेंट्स पर एक्स्ट्रा बोझ न पड़े. हालांकि बावजूद इसके सरकार की तरफ से कोई जवाब नहीं आया. इसी कारण 2026-27 के शैक्षणिक सत्र के लिए बस की फीस बढ़ाने का फैसला लेना पड़ा.
केवल ईंधन ही नहीं है कारण
बस संचालकों ने साफ किया है कि बस का फेयर बढ़ाने का फैसला केवल डीजल की कीमतों में वृद्धि की वजह से नहीं लिया है. बल्कि उन्होंने ईंधन, ड्राइवर और अन्य कर्मचारियों की सैलरी, वाहन के रखरखाव, बीमा, टोल टैक्स, परमिट फीस और अन्य खर्चों में लगातार बढ़ोतरी के कारण लिया है. इसके अलावा ई-चालान और विभिन्न नियमों के तहत लगने वाले जुर्मानों का बोझ भी बढ़ा है.
ये भी पढ़ें: TCS Share Crash: टीसीएस के शेयरों में 9% की एतिहासिक गिरावट, कोविड काल के बाद सबसे बड़ा सिंगल-डे क्रैश


