फ्रांस में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान जहां एक ओर वैश्विक अर्थव्यवस्था,संघर्षों और दुनिया के जटिल मुद्दों पर औपचारिक चर्चाएं हुईं, वहीं दूसरी ओर माइक्रोफोन पर विश्व नेताओं की कुछ ऐसी अनौपचारिक बातचीत भी कैद हुई, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। सिगरेट छोड़ने से लेकर फुटबॉल, इंस्टाग्राम और हल्के-फुल्के मजाक तक, नेताओं के कई दिलचस्प पल सामने आए।
सिगरेट छोड़ने पर मेलोनी को मिली बधाई
बैठक की तैयारी के दौरान ऐसा ही एक पल तब आया, जब जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने इतालवी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से सहज अंदाज में पूछा कि क्या उन्होंने सुबह सिगरेट पी थी। इस पर मेलोनी के जवाब ने कई नेताओं को चौंका दिया। मेलोनी ने कहा कि उन्होंने 1 मई से सिगरेट नहीं पी है। यह सुनते ही बैठक में मौजूद नेताओं ने उनकी तारीफ की। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर, जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची और यूरोपीय संघ के अधिकारियों ने उन्हें सिगरेट छोड़ने के लिए बधाई भी दी। इस दौरान मेलोनी ने खुशी जाहिर करते हुए दोनों हाथ ऊपर उठा दिए। वहीं कार्नी ने मजाकिया अंदाज में पूछा, ‘क्या आपने निकोटिन पैच लगाया है?’ जिस पर वहां मौजूद लोग हंस पड़े।
जी7 सम्मेलन में भी छाया फुटबॉल का जादू
भू-राजनीतिक मुद्दों पर केंद्रित इस शिखर सम्मेलन में फुटबॉल की भी चर्चा हुई। अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित फीफा विश्व कप के बीच नेताओं की अनौपचारिक बातचीत में खेल का जिक्र बार-बार सुनाई दिया। एक नेता ने पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) की हालिया चैंपियंस लीग जीत की तारीफ की। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने भी विश्व चैंपियन स्पेन के खिलाफ केप वर्डे के 0-0 से ड्रॉ मैच को खास बताया।