गुवाहाटी में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में 406 रन के लक्ष्य का सफल पीछा कर इतिहास रच दिया। बल्लेबाजों के लिए यह मुकाबला यादगार रहा, लेकिन भारतीय मुख्य कोच गौतम गंभीर ने मैच के बाद पिच और परिस्थितियों को लेकर चिंता जताई। उनका मानना है कि क्रिकेट में बल्लेबाज और गेंद के बीच बराबरी का मुकाबला होना जरूरी है।
गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा, ‘देखिए, अगर मुझे बिल्कुल ईमानदारी से कहना है तो मुझे लगता है कि बल्ले और गेंद के बीच थोड़ा और मुकाबला होना चाहिए। क्योंकि आप क्रिकेट की बात करते हैं, लेकिन यह क्रिकेट नहीं है, यह सिर्फ बल्लेबाजी है। कल्पना कीजिए कि एक युवा गेंदबाज ऐसी पिच पर गेंदबाजी कर रहा है और विपक्षी टीम 400 रन बना देती है, फिर हम भी 400 रन का पीछा कर लेते हैं। जाहिर तौर पर रिकॉर्ड के लिए यह शानदार है, दर्शकों के लिए शानदार है, प्रसारक के लिए शानदार है, लेकिन अगर आप मुझसे एक वास्तविक क्रिकेट प्रशंसक और कोच के तौर पर पूछें तो मुझे गेंदबाजों के लिए भी सहानुभूति रखनी होगी।’


