
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), इंडियन प्रीमियर लीग के 20वें सीजन में बदलाव पर विचार कर रहा है. आमतौर पर आईपीएल का सीजन मार्च महीने के आखिरी सप्ताह में शुरू होता है, लेकिन 2027 में इंडियन प्रीमियर लीग कई दिन पहले शुरू हो सकती है. न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार अगले साल IPL पहले की तुलना में 2 सप्ताह पहले ही शुरू हो सकता है.
पीटीआई के अनुसार BCCI सचिव देवजीत सैकिया का कहना है कि आईपीएल 2027 की शुरुआत 10 मार्च से शुरू हो सकती है और फाइनल 15 मई को खेला जा सकता है. अगर ऐसा हुआ तो इंडियन प्रीमियर लीग का टूर्नामेंट 2 सप्ताह पहले शिफ्ट कर दिया जाएगा.
देवजीत सैकिया ने कहा, “इस साल आईपीएल की शुरुआत 28 मार्च से हुई और फाइनल 31 मई को खेला गया. एकमात्र विषय, जिसपर हमने चर्चा की है कि टूर्नामेंट के आखिरी दौर, खासतौर पर 15 मई के बाद बारिश और प्री-मॉनसून सीजन आने की संभावना है. दूसरी ओर बहुत ज्यादा गर्मी भी एक पहलू है, जो खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए अनुकूल नहीं होगा.”
दो सप्ताह पहले शुरू होगा IPL?
देवजीत सैकिया ने कहा कि गवर्निंग काउंसिल आईपीएल को करीब 2 सप्ताह पहले शिफ्ट करने पर विचार कर रही है. इस बारे में बीसीसीआई के जनरल मैनेजर एबी कुरुविला को जानकारी दे दी गई है कि ऐसे प्लान पर काम किया जाए, जिससे आईपीएल 2027 के शुरू होने की तारीख 10 मार्च और फाइनल 15 मई को करवाया जा सके.
बीसीसीआई सचिव ने कहा कि उन्हें कई खिलाड़ियों और फैंस की ओर से शिकायत मिली है, क्योंकि कोई भी खिलाड़ी इतनी गर्मी में खेलने का आदी नहीं होता है. फिलहाल बीसीसीआई की प्राथमिकता आईपीएल 2027 को 15 मई तक समाप्त करवाने की है.

यह भी पढ़ें: On This Day Cricket: 6,6,6,6,6,6…, वर्ल्ड कप में कपिल देव का वह तूफान; आज भी रोंगटे खड़े कर देता है
नहीं बढ़ेंगे मैच
कुछ समय पहले इंडियन प्रीमियर लीग में मैचों की संख्या बढ़ने की खबरें सामने आई थीं. मगर बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने साफ कर दिया है कि फिलहाल आईपीएल में मैचों की संख्या को बढ़ाने का कोई प्लान नहीं है. अभी आईपीएल के एक सीजन में कुल 74 मैच खेले जाते हैं. सैकिया ने कहा कि खासतौर पर विदेशी खिलाड़ियों को द्विपक्षीय सीरीज खेलनी होती हैं, इसलिए फिलहाल मैचों की संख्या 74 से बढ़ाकर 94 करने पर कोई विचार नहीं हुआ है.
यह भी पढ़ें:
TG 20: विवादित लीग का प्रचार पड़ा भारी, BCCI के निशाने पर मोहम्मद सिराज, तिलक वर्मा, अंबाती रायुडू
