Akshaya Tritiya 2026: अक्षय तृतीया के मौके पर सोना- चांदी या कोई भी धातु खरीदने की परंपरा है. खासतौर से इस दिन सोना खरीदना बेहद शुभ माना जाता है. ऐसे में इस दिन बड़ी संख्या में शोरूम पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिलती है. लोग सोने के सिक्के या ज्वेलरी खरीदते हैं, हालांकि ये एक बड़ी चुनौती की तरह भी होता है. सोने की खरीदारी के दौरान सबसे बड़ी चुनौती होती है सोने की शुद्धता की सही पहचान करना. 22 कैरेट और 24 कैरेट सोने के बीच क्या आप अंतर समझते हैं? अगर नहीं, तो हम आपको बताते हैं कि कैसे सोना परखा जा सकता है.
22k vs 24k सोना
सोना खरदीते समय आपने इस बात पर गौर किया होगा कि शोरूम में आपसे पूछा जाता है कि 22k या 24k कौनसा सोना दिखाया जाए. इस सवाल के जवाब में सभी पहले तो कंफ्यूज हो जाते हैं, लेकिन आपको कंफ्यूज होने की जरूरत नहीं है. सोना लेने से पहले ये जान लें कि 24k गोल्ड 99.9% शुद्ध होता है, लेकिन ये काफी मुलायम होने के कारण ज्वेलरी बनाने के लिए ज्यादा उपयुक्त नहीं होता है. जबकि 22K गोल्ड 91.6% शुद्ध सोना होता है और बाकी अन्य धातुएं इसमें मिलाई जाती हैं, जिससे ये मजबूत बनता है और ज्वेलरी के लिए अच्छा माना जाता है.
सोना खरीदते वक्त ध्यान रखें ये बातें
सोने की खरीदारी के समय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना होता है, जैसे:
- सोना खरीदने से पहले हॉलमार्क जरूर चेक करें. भारत में BIS (ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स) हॉलमार्क सोने की शुद्धता की गारंटी देता है.
- 22k सोने पर आमतौर पर 916 और 24k पर 999 लिखा होता है.
- जिस भी शोरूम से खरीदारी कर रहे हैं उनकी विश्वसनीयता भी जांच करना भी जरूरी है.
- सोना खरीदते समय मैग्नेट टेस्ट कर सकते है, असली सोना चुंबक से नहीं चिपकता, जबकि नकली या मिलावटी सोना आकर्षित हो सकता है.
- एसिड टेस्ट और कैरेट मीटर के जरिए भी सोने की शुद्धता की जांच की जा सकती है, हालांकि ये किसी एक्सपर्ट से ही करवाना बेहतर होता है.
- सोना खरीदते समय उसका बिल लेना भी बेहद जरूरी होता है. बिल में सोने का वजन, कैरेट और कीमत स्पष्ट रूप से लिखी होनी चाहिए.
- सोना लेने के समय मेकिंग चार्ज और टैक्स की जानकारी भी ध्यान से पढ़कर ही लेना चाहिए.
तो अगर आप भी इस अक्षय तृतीया के मौके पर सोना खरीदने जा रहे हैं तो इन टिप्स को अच्छे से जान लें और सही तरीके से निवेश करें. ऐसा करने से आप धोखाधड़ी और नुकसान से भी बच सकते हैं.


