Hot Food in Fridge: रात में खाना बच जाने के बाद हम उसे अक्सर फ्रिज में रख देते हैं. मगर एक सवाल हमेशा मन में रहता है कि क्या गर्म खाने को तुरंत फ्रिज में रखना ठीक है या फिर पहले उसे बाहर रखकर ठंडा होने देना चाहिए. कई लोगों का यह मानना है कि गर्म खाना फ्रिज में रखने से खराब हो सकता है या फिर फ्रिज को नुकसान हो सकता है. इसलिए लोग खाने को घंटों बाहर छोड़ देते हैं. आइए जानते हैं, क्या है सही तरीका.
बाहर ज्यादा देर खाना छोड़ना क्यों है खतरनाक?

खाना जब रूम टेंपरेचर पर धीरे-धीरे ठंडा होता है, तो वह ऐसे तापमान के बीच पहुंच जाता है जहां बैक्टीरिया तेजी से बढ़ सकते हैं. USDA के अनुसार, खाने को कमरे के तापमान पर 2 घंटे से ज्यादा नहीं छोड़ना चाहिए. अगर बाहर का तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा है, तो यह समय 1 घंटे तक रह जाता है.
सीधे फ्रिज या फ्रीजर में रखना भी समाधान नहीं
बहुत ज्यादा मात्रा में बेहद गर्म खाना एक बड़े बर्तन में सीधे फ्रिज में रखने के बजाय उसे छोटे-छोटे हिस्सों में बांटना बेहतर है. बड़े बर्तन में खाना लंबे समय तक अंदर से गर्म रह सकता है, जिससे उसे सुरक्षित तापमान तक पहुंचने में ज्यादा समय लग सकता है. USDA के अनुसार, बचे हुए खाने को छोटे और उथले कंटेनर में बांटकर फ्रिज में रखने से वह जल्दी और समान रूप से ठंडा होता है.
स्मार्ट और सेफ तरीका: खाने को जल्दी कैसे ठंडा करें?
एक बड़े बर्तन में खाना रखने के बजाय उसे छोटे-छोटे कंटेनर्स में बांट दें. ऐसा करने से खाना तेजी से ठंडा हो सकता है. खासकर ज्यादा मात्रा में बने खाने को छोटे और उथले कंटेनर में रखना बेहतर होता है. ग्रेवी वाली चीजों, सूप और दाल को जल्दी ठंडा करने के लिए उन्हें बीच-बीच में चलाते रहें. जरूरत पड़ने पर कंटेनर को ठंडे पानी या बर्फ वाले पानी में रखकर भी तेजी से ठंडा किया जा सकता है. FDA की गाइडलाइन में भी छोटे हिस्सों में बांटना, उथले बर्तनों का इस्तेमाल और बर्फ वाले पानी जैसे तरीकों को तेजी से ठंडा करने के विकल्पों में शामिल किया गया है.
बहुत गर्म खाना जल्दी कैसे ठंडा करें?

अगर खाना बहुत ज्यादा गर्म है और आपको उसे जल्दी ठंडा करना है, तो एक बड़े टब में ठंडा पानी या बर्फ भरें. गर्म खाने के कंटेनर को इस बर्फ वाले पानी में रख दें. ध्यान दें कि पानी कंटेनर के अंदर नहीं जाना चाहिए. साथ ही खाने को बीच-बीच में चलाते रहें.
FDA Food Code के अनुसार, पके हुए ऐसे खाने को 57°C से 21°C तक 2 घंटे के भीतर ठंडा करना चाहिए. इसके बाद 21°C से 5°C या उससे कम तापमान तक अगले 4 घंटे में ठंडा करना चाहिए. यानी 21°C या 70°F अंतिम सुरक्षित स्टोरेज तापमान नहीं है, बल्कि तेजी से ठंडा करने की प्रक्रिया का पहला पड़ाव है.
खाने को ज्यादा देर बाहर न छोड़ें
ध्यान देने वाली बात है कि खाने को घंटों बाहर छोड़कर पूरी तरह ठंडा होने का इंतजार करना सही तरीका नहीं है. USDA के अनुसार, बचे हुए खाने को 2 घंटे के भीतर फ्रिज में रखना चाहिए और ज्यादा गर्म मौसम में यह समय 1 घंटे तक रह जाता है. खाने को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर जल्दी ठंडा करना और फिर फ्रिज में रखना ज्यादा सुरक्षित तरीका है.
क्या गर्म खाना फ्रिज में रखा जा सकता है?
हां, गर्म खाने को सुरक्षित तरीके से फ्रिज में रखा जा सकता है, लेकिन बहुत ज्यादा मात्रा में बेहद गर्म खाना एक बड़े बर्तन में रखने के बजाय उसे छोटे और उथले कंटेनर में बांटना बेहतर है. इससे खाना तेजी से ठंडा होता है और लंबे समय तक ऐसे तापमान में रहने का खतरा कम होता है, जहां बैक्टीरिया तेजी से बढ़ सकते हैं.
यह भी पढ़ें: दाल में ज्यादा हो गया है नमक? स्वाद बैलेंस करने के लिए आजमाएं ये आसान ट्रिक्स
The post गर्म खाना फ्रिज में रखना सही है या नहीं? जानें इसे ठंडा करने का सही तरीका appeared first on Prabhat Khabar.


