Push Ups for Women: भारत में इन दिनों महिलाओं की सुरक्षा को लेकर काफी बातें हो रही हैं. इस बीच फिटनेस कोच और दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी भी महिलाओं को खुद को मजबूत बनाने की सलाह दे रही हैं. कुछ समय पहले उन्होंने महिलाओं को अपनी सुरक्षा के लिए एयर पिस्टल रखने की बात कही थी. अब एक सोशल मीडिया वीडियो के जरिए वह महिलाओं को पुश-अप करना सिखाती नजर आ रही हैं. खुशबू ने पुश-अप को अलग-अलग लेवल में समझाया है, ताकि शुरुआत करने वाली महिलाएं भी धीरे-धीरे इसे सीख सकें. पुश-अप के लिए किसी खास मशीन या जिम इक्विपमेंट की जरूरत नहीं होती. इसे घर पर भी किया जा सकता है.
पुश-अप करने से शरीर को क्या फायदा होता है ?

पुश-अप एक ऐसी एक्सरसाइज है जिसमें शरीर के ऊपरी हिस्से की मांसपेशियां काम करती हैं. इसे सही तरीके से करने पर हाथ, कंधे और छाती की मांसपेशियों को मजबूत करने में मदद मिल सकती है.
इसके अलावा पुश-अप करते समय शरीर को एक सीधी स्थिति में रखने की कोशिश की जाती है, जिससे बॉडी कंट्रोल और पोश्चर पर भी काम होता है. इसे करने के लिए किसी मशीन की जरूरत नहीं होती, इसलिए घर पर भी आसानी से प्रैक्टिस की जा सकती है.
पहली बार कर रही हैं तो ऐसे शुरू करें
अगर आपने पहले कभी पुश-अप नहीं किया है, तो शुरुआत में सीधे फुल पुश-अप करने की जरूरत नहीं है. पहले आसान लेवल से शरीर को इसकी आदत डालें.
इसके लिए पेट के बल लेटकर हाथों को कंधों के पास रखें. अब हाथों पर जोर देते हुए शरीर के ऊपरी हिस्से को धीरे-धीरे ऊपर उठाएं और फिर वापस नीचे आएं. शुरुआत में जितनी बार सही तरीके से कर पाएं, उतनी ही बार करें. संख्या बढ़ाने से ज्यादा जरूरी है कि एक्सरसाइज का तरीका सही हो.
आसान लगे तो करें नी पुश-अप
जब शुरुआती पुश-अप करने में शरीर को परेशानी न हो, तो नी पुश-अप की तरफ बढ़ सकती हैं. इसमें घुटने जमीन पर रहते हैं, इसलिए फुल पुश-अप की तुलना में इसे करना थोड़ा आसान होता है.
सबसे पहले घुटनों और हाथों के सहारे जमीन पर आ जाएं. हाथों को कंधों के नीचे रखें. अब शरीर को थोड़ा आगे की तरफ रखते हुए कोहनियों को मोड़ें और छाती को धीरे-धीरे नीचे ले जाएं. इसके बाद हाथों के सहारे वापस ऊपर आएं.
इस दौरान शरीर को झटके से नीचे या ऊपर न करें. धीरे-धीरे करने से एक्सरसाइज पर कंट्रोल बना रहता है.
ताकत बढ़े तो ट्राई करें फुल पुश-अप
जब नी पुश-अप आसानी से होने लगे, तब फुल पुश-अप की प्रैक्टिस शुरू की जा सकती है. इसमें घुटने जमीन पर नहीं टिकते. दोनों पैरों को पीछे की तरफ सीधा रखते हुए शरीर को प्लैंक जैसी स्थिति में रखना होता है.
हाथों को कंधों के नीचे रखें और पेट को कसकर शरीर को सीधा रखने की कोशिश करें. अब कोहनियों को मोड़ते हुए शरीर को धीरे-धीरे नीचे लाएं और फिर हाथों के सहारे ऊपर उठें.
शुरुआत में कम रैप्स करें और अपनी क्षमता के हिसाब से धीरे-धीरे संख्या बढ़ाएं. अगर पुश-अप करते समय कलाई, कंधे या किसी दूसरे हिस्से में दर्द महसूस हो, तो एक्सरसाइज रोक दें.
धीरे-धीरे बढ़ाएं अपनी ताकत
पुश-अप सीखने में जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है. शुरुआत आसान लेवल से करें और जब शरीर उस एक्सरसाइज का आदी हो जाए, तभी अगले लेवल पर जाएं. नियमित प्रैक्टिस से शरीर की ताकत और एक्सरसाइज पर कंट्रोल बेहतर हो सकता है.
महिलाओं के लिए फिट रहना और अपने शरीर को मजबूत बनाना रोजमर्रा की जिंदगी में भी फायदेमंद हो सकता है. इसके लिए बहुत मुश्किल एक्सरसाइज करने की जरूरत नहीं है. सही तरीके से की गई आसान एक्सरसाइज से भी शुरुआत की जा सकती है.
यह भी पढ़ें: हाथ में पोस्टर, जेहन में बात… दिल्ली-मुंबई के प्रदर्शन में दिखा Gen Z का अंदाज
The post महिलाओं के लिए फिटनेस के साथ सेल्फ डिफेंस भी जरूरी, खुशबू पाटनी ने सिखाया पुश-अप appeared first on Prabhat Khabar.


