
Chronic Stress Symptoms: क्रोनिक स्ट्रेस यानी लंबे समय तक बना रहने वाला तनाव. जब कोई व्यक्ति लगातार कई हफ्तों या महीनों तक शारीरिक और मानसिक दबाव में रहता है, तो इसे क्रोनिक स्ट्रेस कहा जाता है. यह शुरुआत में सामान्य तनाव की तरह ही होता है, मगर लंबे समय तक रहने के बाद इसका असर शरीर और दिमाग दोनों पर होता है. भागदौड़ भरी जिंदगी में काम का दबाव और जिम्मेदारियां भी तनाव का कारण बन सकती हैं. आइए जानते हैं इससे कैसे बाहर निकला जा सकता है.
क्रोनिक स्ट्रेस से बढ़ सकता है कॉर्टिसोल का स्तर: डॉ. दीप्तांशु अग्रवाल
डॉ. दीप्तांशु अग्रवाल के मुताबिक, क्रोनिक स्ट्रेस शरीर में कॉर्टिसोल हार्मोन का स्तर बढ़ा सकता है. कॉर्टिसोल को स्ट्रेस हार्मोन भी कहा जाता है. इसका स्तर लगातार बढ़ा रहने पर व्यक्ति को थकान और कम एनर्जी महसूस हो सकती है. काम करने की क्षमता कम होने लगती है और छोटी-छोटी बातों पर चिड़चिड़ापन बढ़ सकता है.
काम में मन न लगना भी हो सकता है संकेत
डॉ. दीप्तांशु अग्रवाल बताते हैं कि क्रोनिक स्ट्रेस में व्यक्ति उन कामों से भी दूरी बनाने लगता है, जिन्हें वह पहले आसानी से कर लेता था. हर समय आलस और थकान महसूस होना, किसी काम में मन नहीं लगना और खुद को लगातार दबाव में महसूस करना इसके संकेत हो सकते हैं. लंबे समय तक तनाव बने रहने पर मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है. एंग्जायटी और डिप्रेशन जैसी समस्याओं का जोखिम बढ़ सकता है.
योग और मेडिटेशन से मिलेगी मदद
डॉ. दीप्तांशु अग्रवाल के अनुसार, तनाव को कम करने के लिए रोजाना कुछ समय योग और प्राणायाम के लिए निकालना फायदेमंद हो सकता है. अनुलोम-विलोम जैसे प्राणायाम के साथ मेडिटेशन और माइंडफुलनेस को भी अपनी दिनचर्या में शामिल किया जा सकता है. मेडिटेशन और माइंडफुलनेस कॉर्टिसोल के स्तर को कम करने में मदद कर सकते हैं. इससे दिमाग को शांत रखने और खुद को ज्यादा एक्टिव महसूस करने में मदद मिल सकती है.
लंबे समय से तनाव हो तो इसे नजरअंदाज न करें
अगर आपको लंबे समय से तनाव, थकान या चिड़चिड़ापन महसूस हो रहा है, तो इसे नजरअंदाज करने के बजाय अपनी दिनचर्या पर ध्यान देना जरूरी है. जरूरत महसूस होने पर मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह भी लेनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: घंटों ऑफिस में बैठे-बैठे हो जाती है कमर और गर्दन जाम? ये एक्सरसाइज आएगी काम

The post लंबे समय से है तनाव, कहीं आप क्रोनिक स्ट्रेस के शिकार तो नहीं? appeared first on Prabhat Khabar.

