Flydubai FZ1073 Incident: दुबई से तेल अवीव जा रही Flydubai की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को उड़ान के दौरान कॉकपिट में को-पायलट ने पायलट पर धारदार हथियार से हमला कर दिया जिसके बाद हड़कंप मच गया. घटना के बाद विमान अचानक करीब 14000 फीट नीचे आ गया और सुरक्षा कारणों को मद्देनजर रखते हुए सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. घटना को लेकर ऐसी चर्चाएं तेज हुई कि प्लेन को हाईजैक करने की कोशिश की गई थी लेकिन अब तक इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि इस मामले पर अभी जांच जारी है.
ऐसी घटना सुनकर किसी भी यात्री के मन में डर आना स्वाभाविक है. हालांकि, विमान में किसी भी तरह की आपात स्थिति आने पर घबराने के बजाय कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है. आइए जानते हैं कि ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए और किन गलतियों से बचना चाहिए.
सबसे पहले घबराएं नहीं

फ्लाइट में अचानक तेज झटका लगे, विमान की ऊंचाई बदले या केबिन में अफरा-तफरी हो, तो सबसे पहले खुद को शांत रखने की कोशिश करें. घबराहट में सीट से उठकर इधर-उधर भागने या दूसरे यात्रियों को धक्का देने से स्थिति और बिगड़ सकती है.
अपनी सीट पर बैठे रहें और केबिन क्रू के निर्देशों को ध्यान से सुनें. पायलट और क्रू ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित होते हैं.
सीट बेल्ट तुरंत बांध लें

अगर सीट बेल्ट का संकेत जल रहा है तो उसे नजरअंदाज न करें. विमान में अचानक ऊंचाई कम होने या तेज झटका लगने पर सीट बेल्ट शरीर को सीट से सुरक्षित रखने में मदद करती है.
अगर आप पहले से सीट बेल्ट लगाए हुए हैं, तो उसे ढीला न छोड़ें. उड़ान के दौरान भी सीट बेल्ट बांधकर रखना एक अच्छी आदत है.

केबिन क्रू की बात मानें

आपात स्थिति में यात्री खुद से कोई फैसला लेने के बजाय केबिन क्रू के निर्देशों का पालन करें. कब सीट पर बैठे रहना है, कब बाहर निकलना है और किस रास्ते से जाना है, इसकी जानकारी क्रू देता है.
ऐसे समय में अपनी तरफ से कोई दरवाजा खोलने या किसी उपकरण के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश बिल्कुल न करें.
इमरजेंसी एग्जिट की जानकारी रखें

फ्लाइट शुरू होने से पहले होने वाली सुरक्षा जानकारी को अक्सर यात्री नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन यही छोटी-सी जानकारी इमरजेंसी के समय बहुत काम आ सकती है.
ध्यान रखें कि आपकी सीट के सबसे नजदीक कौन सा इमरजेंसी एग्जिट है. साथ ही सीट के नीचे लाइफ जैकेट और ऊपर लगे ऑक्सीजन मास्क के इस्तेमाल की जानकारी भी समझ लें.
अगर ऑक्सीजन मास्क गिर जाए तो पहले खुद लगाएं

केबिन का दबाव कम होने की स्थिति में ऑक्सीजन मास्क नीचे आ सकते हैं. ऐसी स्थिति में पहले अपना मास्क लगाएं और उसके बाद बच्चे या किसी दूसरे यात्री की मदद करें.
इसका कारण यह है कि अगर आप खुद सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो दूसरे व्यक्ति की मदद करना भी मुश्किल हो सकता है.
वीडियो बनाने या लाइव करने में समय न गंवाएं

किसी असामान्य घटना के दौरान कई लोग तुरंत मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगते हैं. लेकिन इमरजेंसी की स्थिति में सबसे जरूरी अपनी सुरक्षा है.
वीडियो बनाने, सोशल मीडिया पर पोस्ट करने या अफवाह फैलाने के बजाय क्रू के निर्देश सुनें और आसपास के लोगों की मदद करें.
कॉकपिट की तरफ खुद न जाएं

अगर विमान में किसी तरह की गड़बड़ी की जानकारी मिले, तो यात्री को अपनी तरफ से कॉकपिट की ओर जाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. ऐसी स्थिति में प्रशिक्षित क्रू और अधिकृत लोगों को स्थिति संभालने दें.
हालांकि FZ1073 मामले में यात्रियों और विमान में मौजूद क्रू के कुछ सदस्यों के हस्तक्षेप की रिपोर्ट सामने आई है, लेकिन यह एक असाधारण स्थिति थी और हर आपात स्थिति में यात्रियों से ऐसा करने की अपेक्षा नहीं की जा सकती.
अफवाहों पर भरोसा न करें

विमान में कोई घटना होने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें तेजी से फैल सकती हैं. लेकिन हर जानकारी सही हो, यह जरूरी नहीं है.
FZ1073 मामले में भी हाईजैक और विमान को जानबूझकर गिराने की कोशिश से जुड़ी अलग-अलग रिपोर्ट सामने आई हैं, जबकि UAE की विमानन प्राधिकरण ने जांच पूरी होने तक आधिकारिक निष्कर्ष का इंतजार करने को कहा है.
इसलिए ऐसी स्थिति में सोशल मीडिया की पोस्ट के बजाय एयरलाइन, एयरपोर्ट या संबंधित अधिकारियों की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करना चाहिए.
इमरजेंसी लैंडिंग हो तो क्या करें?

अगर विमान को किसी दूसरे एयरपोर्ट पर उतारा जाता है, तो लैंडिंग के बाद भी जल्दबाजी न करें. विमान के पूरी तरह रुकने और क्रू के निर्देश देने का इंतजार करें.
अगर इमरजेंसी एग्जिट से बाहर निकलने को कहा जाए, तो अपना सामान लेने में समय बर्बाद न करें. जरूरत पड़ने पर बैग छोड़कर तुरंत बाहर निकलना ज्यादा जरूरी है.
The post विमान में अचानक मच जाए अफरा-तफरी तो क्या करें और क्या बिल्कुल ना करें? Flydubai की घटना से समझें appeared first on Prabhat Khabar.

