
Soft Skills for Career Growth: आज के समय में जितनी जरूरी डिग्री है, उतनी ही जरूरी सॉफ्ट स्किल्स भी हैं. ऐसा माना जाता है कि डिग्री नौकरी पाने में मदद करती है, लेकिन अगर आपको उसी नौकरी में आगे बढ़ना है, तो सॉफ्ट स्किल्स भी बहुत जरूरी हैं. समय के साथ अपनी स्किल्स को अपग्रेड करना भी जरूरी है. सॉफ्ट स्किल्स करियर में आगे बढ़ने में काफी मददगार साबित हो सकती हैं. आइए जानते हैं कि ये स्किल्स क्यों जरूरी हैं.
लोगों को समझना भी है जरूरी: सत्य नडेला
माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्य नडेला भी एम्पैथी यानी दूसरों की भावनाओं और जरूरतों को समझने की क्षमता को जरूरी मानते हैं. उनका कहना है कि 'एम्पैथी को भले ही जिंदगी की एक सॉफ्ट स्किल माना जाता है, लेकिन इनोवेशन के लिए भी यह बेहद जरूरी है.' नडेला के मुताबिक, दूसरों की नजर से दुनिया को देखने की क्षमता लोगों की जरूरतों को समझने और कुछ नया करने में मदद करती है.
कम्युनिकेशन से अपनी बात रखना होता है आसान
कम्युनिकेशन में सॉफ्ट स्किल्स का अहम रोल होता है. अपने विचारों को साफ और आसान तरीके से दूसरों तक पहुंचाना और उनकी बात ध्यान से सुनना भी इसका हिस्सा है. सही कम्युनिकेशन से गलतफहमियां कम होती हैं और ऑफिस में काम करना आसान हो जाता है.
टीम के साथ काम करना भी है जरूरी
ऑफिस में लोगों के साथ मिलकर काम करने के लिए टीमवर्क जरूरी होता है. कई काम ऐसे होते हैं, जिन्हें अकेले पूरा करना आसान नहीं होता. ऐसे में अपनी जिम्मेदारी पूरी करना, टीम के दूसरे सदस्यों की मदद करना और जरूरत पड़ने पर उनकी राय लेना जरूरी है. इससे काम बेहतर तरीके से पूरा करने में मदद मिलती है.
मुश्किल समय में सही फैसला लेने में मदद
काम के दौरान कई बार ऐसी स्थिति आती है, जब जल्दी और सही फैसला लेना जरूरी होता है. सॉफ्ट स्किल्स आपको परेशानी को समझने, अलग-अलग विकल्पों पर सोचने और उसका सही हल तलाशने में मदद कर सकती हैं. इससे दबाव वाली स्थिति में भी बेहतर तरीके से काम करना आसान हो सकता है.
करियर ग्रोथ के लिए जरूरी है लीडरशिप
करियर ग्रोथ के लिए सॉफ्ट स्किल्स काफी जरूरी होती हैं. ये आपको लीडरशिप के मौके दिलाने में मदद कर सकती हैं. एक अच्छा लीडर केवल काम बांटता नहीं है, बल्कि टीम को साथ लेकर चलता है. इसलिए लीडरशिप के लिए काम की जानकारी के साथ लोगों के साथ सही तरीके से काम करना भी जरूरी है.
अच्छा माहौल काम को बनाता है आसान
वर्कप्लेस पर दोस्ताना और प्रोफेशनल माहौल होने से काम करना आसान हो जाता है. जब कर्मचारी एक-दूसरे के साथ सम्मान और सहयोग से काम करते हैं, तो ऑफिस का माहौल बेहतर रहता है. इसके लिए अपनी बात सही तरीके से रखना, दूसरों की बात सुनना और अपनी भावनाओं पर कंट्रोल रखना जरूरी है.
यहां से ले सकते हैं सॉफ्ट स्किल्स की ट्रेनिंग
सॉफ्ट स्किल्स को बेहतर बनाने के लिए कई संस्थानों में ट्रेनिंग और कोर्स उपलब्ध हैं. इनमें कुछ प्रमुख संस्थान हैं.
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, खड़गपुर
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कानपुर
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रुड़की
नेशनल टेक्निकल टीचर्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, कोलकाता
नेशनल टेक्निकल टीचर्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, चंडीगढ़
नेशनल टेक्निकल टीचर्स ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, भोपाल
यह भी पढ़ें: महंगी दवा यानी बेहतर इलाज? डॉक्टर ने खोला दवाइयों के दाम और ‘डिस्काउंट’ का पूरा खेल!
The post नौकरी के लिए डिग्री ही काफी नहीं, ये सॉफ्ट स्किल्स भी हैं जरूरी appeared first on Prabhat Khabar.


