
Friendship Breakup: बेस्ट फ्रेंड हर व्यक्ति की जिंदगी में बहुत महत्व रखता है. जिंदगी के तमाम उतार-चढ़ाव, सुख-दुख और ऐसी कई बातें, जो हम परिवार से भी शेयर नहीं करते, उन्हें अपने बेस्ट फ्रेंड से शेयर करते हैं. ऐसे में बेस्ट फ्रेंड से दोस्ती टूटना या उसका आपको इग्नोर करना बहुत ज्यादा खलता है. ब्रेकअप का दर्द तो ज्यादातर लोग समझते हैं, लेकिन पक्की दोस्ती टूट जाए तो उसका दर्द भी कम नहीं होता. हमारा जिगरी दोस्त फोन उठाना बंद कर दे या अचानक गायब हो जाए, तो मन में कई सवाल एक साथ उठने लगते हैं. फ्रेंडशिप ब्रेकअप किसी भी व्यक्ति को अंदर से हिलाकर रख सकता है. लेकिन ऐसी स्थिति में खुद को संभालना बहुत जरूरी होता है.
दोस्ती में कोई फिल्टर नहीं होता
मोहब्बत में हम खुद को बहुत बेहतर और समझदार व्यक्ति दिखाने की कोशिश में रहते हैं. लेकिन दोस्ती में कोई फिल्टर नहीं होता. हम दोस्त के सामने बेवकूफी भरी हरकतें करते हैं, अपने सीक्रेट शेयर करते हैं. हम यह कह सकते हैं कि दोस्ती हमारा सेफ जोन होती है. हम दोस्ती में ही सबसे ज्यादा सहज महसूस करते हैं.
दोस्त की याद आना स्वाभाविक है
जब बेस्ट फ्रेंड से अचानक बातचीत बंद हो जाती है, तो हम घंटों उसके फोन का इंतजार करते हैं और जब कभी ज्यादा याद आती है, तो उसकी चैट पढ़ लिया करते हैं. यह इसलिए होता है क्योंकि हमारा दिमाग उसकी मौजूदगी और बातचीत का आदी हो गया होता है. इसलिए इससे बाहर आने में समय तो जरूर लगेगा. इसे दोस्ती टूटने से हुए नुकसान के तौर पर भी समझा जा सकता है.
पहले दोस्त से बात करने की कोशिश करें
अगर संभव हो, तो अपने दोस्त से बातचीत करने की कोशिश करें. बात होती है, तो खुलकर और शांति से बात करें. पूछें कि उसे क्या समस्या है और वह कैसा महसूस कर रहा है. क्योंकि कई बार हमें सामने वाले की स्थिति के बारे में पता नहीं होता और हम अपनी तरफ से ही कुछ सोच लेते हैं.
हो सकता है दोस्त किसी परेशानी में हो
यह भी हो सकता है कि आपका दोस्त किसी नए रिश्ते, करियर या किसी दूसरी समस्या में उलझा हुआ हो और उसे बिल्कुल भी समय नहीं मिल पाया हो कि वह आपसे बात कर सके. ऐसे में उसका हालचाल जानना भी जरूरी है. अगर वह किसी नए रिश्ते में व्यस्त है, तो आपको समझने की जरूरत है कि उसे भी कुछ स्पेस की जरूरत हो सकती है.
खुद को दोष न दें
जब दोस्त साथ छोड़ देता है, तब आपको भी अपनी भावनाएं दबाने की जरूरत नहीं है. आपको खुद को दोषी नहीं मानना चाहिए. अपनी अपेक्षाएं कम करें और स्थिति को स्वीकार करने की कोशिश करें. साथ ही अपनी दिनचर्या में कुछ नई एक्टिविटी जोड़ें, जिससे आपका ध्यान उस पर न जाए. हो सके तो किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें. इससे आपका मन हल्का हो सकता है.
यह भी पढ़ें: कहीं आप भी तो नहीं हैं टॉक्सिक रिलेशनशिप में? इन 5 संकेतों से ऐसे पहचानें
The post जिगरी दोस्त के साथ बंद हो गई है बातचीत? जानिए फ्रेंडशिप ब्रेकअप में खुद को कैसे संभालें appeared first on Prabhat Khabar.

